आगरा। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए हैं या नाम में कोई गलती है तो इसे ठीक कराने का मौका है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए चल रहे अभियान में अब घर-घर संपर्क के साथ बूथों पर भी आवेदन लिए जा रहे हैं। शनिवार को विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने छावनी और आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर कामकाज देखा। उन्होंने बीएलओ से मतदाताओं के सत्यापन, नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और संशोधन के लिए मिले आवेदनों की जानकारी ली। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, छूटे हुए पात्र नागरिकों और नवविवाहितों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 29 नवंबर को भी घर-घर संपर्क और बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कराया जा रहा है। इसके तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने 87-छावनी विधानसभा क्षेत्र और 89-आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति जानी। उन्होंने सबसे पहले 87-छावनी विधानसभा क्षेत्र के रेनबो कैंटोनमेंट पब्लिक स्कूल स्थित बूथ संख्या 230 से 234 का निरीक्षण किया। इसके बाद कैंटोनमेंट बोर्ड जूनियर हाईस्कूल स्थित बूथ संख्या 226 से 229 पर पहुंचे। यहां बीएलओ की उपस्थिति और मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की जानकारी ली।

इसके बाद जिलाधिकारी 89-आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कमलानगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पहुंचे। यहां बूथ संख्या 415 से 421 का निरीक्षण किया। मऊ रोड, खंदारी स्थित ऑल सेंट स्कूल के बूथ संख्या 223 से 227 पर भी जाकर अभियान की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित बीएलओ से पूछा कि घर-घर जाकर कितने मतदाताओं का सत्यापन किया गया है और कितने ऐसे पात्र नागरिक मिले हैं, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अब तक कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं और बूथों पर आने वाले लोगों को किस तरह सहायता दी जा रही है, इसकी भी जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फॉर्म-06, फॉर्म-07 और फॉर्म-08 से संबंधित कार्यों की अलग-अलग जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-06 के कितने आवेदन मिले हैं, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-07 कितने लोगों ने भरा है और मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-08 के कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही यह भी जानकारी ली कि कितने आवेदन मौके पर ही भरवाए गए और कितने फॉर्मों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों और घर-घर सत्यापन का पूरा ब्योरा अद्यतन रखा जाए। किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए और सभी फॉर्मों का निर्धारित समय में डिजिटाइजेशन कराया जाए।

जिलाधिकारी ने बीएलओ से संवाद करते हुए कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना जरूरी है। इसके लिए केवल बूथों पर आने वाले लोगों के आवेदनों पर निर्भर न रहें, बल्कि घर-घर जाकर संपर्क करें। विशेष रूप से उन युवाओं की पहचान करें, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है। उन्हें मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया बताएं और नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। इसी तरह नवविवाहितों और ऐसे पात्र नागरिकों से भी संपर्क किया जाए, जिनका नाम किसी कारण से मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। पात्र लोगों को आवेदन भरने में सहायता दी जाए, जिससे वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकें।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, किसी अपात्र या मृतक मतदाता का नाम हटाने तथा दर्ज विवरण में संशोधन के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन प्राप्त किए जाएं। बूथों पर आने वाले नागरिकों को फॉर्म भरने और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाए। बीएलओ विशेष अभियान दिवस पर बूथों पर उपस्थित रहकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करें। घर-घर संपर्क के दौरान भी यह ध्यान रखा जाए कि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए। उन्होंने अभियान में लगे कर्मचारियों से अपने क्षेत्र के मतदाताओं के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, जिससे अधिक से अधिक लोग पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।
जिलाधिकारी ने आगामी 29 नवंबर को भी विशेष अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दिन बीएलओ निर्धारित समय तक बूथों पर मौजूद रहें और घर-घर जाकर भी मतदाताओं से संपर्क करें। विशेष रूप से युवाओं, नवविवाहितों और छूटे हुए पात्र मतदाताओं को पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। प्राप्त होने वाले दावे और आपत्तियों को दर्ज करने के साथ फॉर्मों का डिजिटाइजेशन भी समय से पूरा किया जाए। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता के रूप में पंजीकरण का अवसर देना है।http://agra-voter-list-name-missing-sunday-application-blo-duty-today-newstrack
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट अमित शुक्ला, एसीएम नीलम तिवारी, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
