आगरा के डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर पर नौ दिन में 172 लोगों ने फोन कर ली निर्वाचन संबंधी जानकारी, नाम-पता संशोधन से लेकर बीएलओ की जानकारी तक के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
आगरा। मतदाता सूची में नाम नहीं है, नाम या पते में गलती है अथवा बीएलओ की जानकारी नहीं मिल रही है तो इसके लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। मतदाता घर बैठे फोन करके अपनी समस्या का समाधान और निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कलेक्ट्रेट में डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। यहां 17 से 25 नवंबर तक नौ दिनों में 172 नागरिकों ने फोन कर निर्वाचन संबंधी समस्याएं बताईं और जरूरी जानकारी प्राप्त की। सेंटर पर आने वाली कॉल के माध्यम से लोगों की जिज्ञासाओं और शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी नगर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से संचालित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1950 और अन्य हेल्पलाइन नंबरों पर लगातार कॉल आ रही हैं। 17 नवंबर से 25 नवंबर तक कुल 172 कॉल प्राप्त हुई हैं। इन पर मतदाताओं को निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने या कटवाने के लिए भी इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा नाम, पता और जन्मतिथि में संशोधन कराने, अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की जानकारी लेने और निर्वाचन से संबंधित अन्य जानकारियों के लिए भी कॉल सेंटर की मदद ली जा सकती है।http://[https://todaynewstrack.com/voter-list-name-addition-deletion-helpline-agra-up-today-newstrack/
डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों और सवालों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि मतदाता सूची या निर्वाचन से जुड़ी किसी भी समस्या और जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट आने के बजाय पहले हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 के अलावा 0562-2250170, 0562-2971483 और 0562-2971983 जारी किए गए हैं।
