पांच ब्लॉकों के बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में खराब प्रदर्शन और निर्माण कार्यों में देरी पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी
आगरा। सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों से लेकर फैमिली आईडी बनवाने वाले परिवारों तक के काम में लापरवाही अधिकारियों पर भारी पड़ी है। सीएम डैशबोर्ड पर खराब प्रगति और विकास कार्यों में देरी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पांच अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, फैमिली आईडी बनाने में सबसे पीछे चल रहे पांच ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड, विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की विभागवार तथा बिंदुवार प्रगति परखी गई। समीक्षा के दौरान कई विभागों की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब करते हुए काम में सुधार लाने के निर्देश दिए।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-scholarship-development-works-officers-action-today-newstrack/
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की प्रगति ‘डी’ श्रेणी में मिली। इस पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से जवाब मांगा। पोर्टल पर संबंधित आंकड़े अपलोड नहीं करने और कार्य में लापरवाही बरतने पर नाराजगी जताई। तीनों अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में टेल फीडिंग, रजवाहों और नहरों की सिल्ट सफाई सहित अन्य कार्यों की प्रगति भी ‘डी’ श्रेणी में मिली। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता सिंचाई को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। लगातार कार्यों में शिथिलता बरतने पर जवाबदेही तय करने को कहा।
फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति भी बैठक में समीक्षा के प्रमुख बिंदुओं में रही। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जिन पांच ब्लॉकों में फैमिली आईडी बनाने की प्रगति सबसे कम है, वहां के संबंधित खंड विकास अधिकारियों का वेतन रोका जाए। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया जाए, ताकि काम में तेजी लाई जा सके।
एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा में भी कई कमियां सामने आईं। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की चार परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित विभागों को उन्हें हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं की गई है।
इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण को भी प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इस तरह छात्रवृत्ति, सिंचाई और निर्माण कार्यों में लापरवाही के मामले में पांच अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।http://agra-cm-dashboard-review-five-officers-adverse-entry-today-newstrack
बैठक में जिलाधिकारी ने बटेश्वर में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की भी प्रगति जानी। उन्होंने सभी योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्थाओं से अधूरे काम जल्द पूरे कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। जिन योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनमें विशेष अभियान चलाकर काम आगे बढ़ाया जाए।
सभी अधिकारी निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें। साथ ही जनशिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास एवं निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी खगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, डीडी पीआरडीए रेणु कुमारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा, जीके वार्ष्णेय, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
