विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने बनाई रणनीति
व्यय संवेदनशील क्षेत्रों और संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने के निर्देश
मतदान से पहले के अंतिम 72 घंटे होंगे अहम
आगरा। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में मतदाताओं को नकदी, शराब, मादक पदार्थ और मुफ्त की वस्तुओं का लालच देकर प्रभावित करने की कोशिशों पर नजर रखी जाएगी।
जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे संवेदनशील स्थानों और पॉइंट्स को चिह्नित किया जाएगा, जहां चुनाव के दौरान अवैध नकदी, शराब, कीमती धातुओं और अन्य प्रलोभन सामग्री के वितरण की आशंका है। https://todaynewstrack.com/2026/11/your-area-election-cash-liquor-surveillance-agra-up-today-newstrack/
इसके लिए पुलिस, आबकारी, आयकर, जीएसटी, एनसीबी और अन्य प्रवर्तन एजेंसियां मिलकर निगरानी करेंगी। मतदान से पहले के अंतिम 72 घंटों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस कमेटी (डीआईसी) की बैठक हुई।

इसमें आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन व्यय पर निगरानी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारियों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में व्यय संवेदनशील क्षेत्रों और पॉइंट्स का चिन्हांकन कर उनकी निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में नकदी, शराब, ड्रग्स, बहुमूल्य धातुओं और आभूषणों के जमावड़े तथा उनके अवैध परिवहन, भंडारण और वितरण पर विशेष नजर रखने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुलिस, आबकारी, आयकर, जीएसटी, एनसीबी समेत सभी संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें।
एजेंसियों के बीच सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान हो, ताकि निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री की समय रहते जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान नकदी, शराब, मादक पदार्थ, कीमती धातुओं, आभूषणों और मुफ्त की वस्तुओं के वितरण से जुड़ी शिकायतों, घटनाओं और जब्ती की रिपोर्ट भी तलब की। इन जानकारियों के आधार पर विधानसभा क्षेत्रवार संवेदनशीलता का आकलन कर ऐसे स्थानों की पहचान करने को कहा, जहां पहले इस तरह की गतिविधियां सामने आई थीं। चिह्नित स्थानों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए गए।

पुलिस विभाग को सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाकर उन्हें सक्रिय करने को कहा गया। साथ ही सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी रखने के लिए निर्देशित किया गया। चुनाव से पहले मिलने वाली शिकायतों और उपलब्ध सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैंकिंग और वित्तीय लेन-देन पर भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए बैंकों में असामान्य नकदी जमा और निकासी के मामलों के साथ संदिग्ध डिजिटल लेन-देन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन व्यय से जुड़ी गतिविधियों में किसी तरह की गड़बड़ी या मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन के इस्तेमाल की आशंका मिलने पर संबंधित एजेंसियों को तत्काल सूचना साझा करने को कहा गया।http://agra-election-2027-cash-liquor-monitoring-voters-today-newstrack
चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर फ्लाइंग स्क्वॉड और स्टैटिक सर्विलांस टीमों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। मतदान से पहले के अंतिम 72 घंटों में इन टीमों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन व्यय से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, जिससे चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे, जिला आबकारी अधिकारी कृष्णपाल सिंह, जीएसटी विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर मृत्यंजय सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) ऋषिकेश बनर्जी, आयकर विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
