आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, गो-संरक्षण और रोजगार योजनाओं की प्रगति पर मंडलायुक्त ने मांगा जवाब,
पंचायत प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव नहीं भेजने पर जताई नाराजगी, लंबित कार्यों को पूरा करने के निर्देश
आगरा। मंडल के चार जिलों में सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा में शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य, आवास और ग्रामीण विकास तक कई काम अधूरे मिले हैं। आगरा और मैनपुरी के 445 विद्यालयों में अब तक फर्नीचर की व्यवस्था नहीं हो सकी है। पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजनांतर्गत आगरा, मथुरा और मैनपुरी से निदेशालय को प्रस्ताव तक नहीं भेजे गए हैं।
ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन में आगरा और मथुरा की प्रगति सबसे कम रही। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के तहत मथुरा में गोल्डन कार्ड बनाने की रफ्तार बढ़ाने और चारों जिलों में पात्र वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई मंडलीय समीक्षा बैठक में इन कमियों पर संबंधित विभागों से जवाब मांगा गया। उन्होंने लंबित योजनाओं के काम में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।https://todaynewstrack.com/2026/11/agra-division-445-schools-without-furniture-panchayat-scheme-proposals/
445 विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था बाकी
मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने लघु सभागार में आयोजित बैठक में सबसे पहले जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी। आईजीआरएस की समीक्षा में बताया गया कि पिछले महीने की तुलना में इस माह मंडल की रैंकिंग में सुधार हुआ है। आगरा मंडल ने आईजीआरएस में 10वीं रैंक प्राप्त की है।
इस पर मंडलायुक्त ने कहा कि केवल शिकायतों का निस्तारण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक प्रकरण में शिकायतकर्ता से संपर्क किया जाए और उसकी संतुष्टि के आधार पर फीडबैक प्रतिशत बढ़ाया जाए। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान की स्थिति जानने के निर्देश दिए।
इसके बाद पशुपालन विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन वृहद गो-संरक्षण केंद्रों की समीक्षा की गई। आगरा में बलाई में प्रस्तावित वृहद गो-संरक्षण केंद्र के स्थान पर ग्राम खेड़ा राठौर में चिह्नित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि भूमि चिह्नित होने के बाद निर्माण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। मथुरा में बढ़ौता स्थित वृहद गो-संरक्षण केंद्र के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने को कहा गया।

तीन जिलों ने नहीं भेजे पंचायत योजनाओं के प्रस्ताव
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रस्ताव भेजने की स्थिति सामने आई। निदेशालय स्तर पर केवल फिरोजाबाद जिले से ही प्रस्ताव प्रेषित किए गए थे। आगरा, मैनपुरी और मथुरा से प्रस्ताव नहीं भेजे गए।
तीन जिलों की ओर से प्रस्ताव नहीं भेजे जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने शेष जिलों में भी प्रस्ताव तैयार कर भेजने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की प्रगति भी संतोषजनक नहीं मिली। इस काम में आगरा और मथुरा की स्थिति मंडल के अन्य जिलों की तुलना में सबसे पीछे रही। मंडलायुक्त ने दोनों जिलों में प्रगति बढ़ाने और संबंधित कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा गया।
ऑपरेशन कायाकल्प में स्कूलों को फर्नीचर का इंतजार
प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने की स्थिति पर चर्चा हुई। मथुरा और मैनपुरी में चार विद्यालय ऐसे मिले, जहां फर्नीचर की व्यवस्था अभी बाकी है। मंडलायुक्त ने इन चारों विद्यालयों को फर्नीचर से संतृप्त करने के निर्देश दिए।
वहीं, आगरा और मैनपुरी में कुल 445 विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने का काम अभी शेष है। इन विद्यालयों में भी जल्द व्यवस्था पूरी करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम लंबित नहीं रहने चाहिए। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत चिह्नित कमियों को दूर कर निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाए।
मथुरा में आयुष्मान कार्ड बनाने की गति बढ़ाने को कहा
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने मथुरा में कार्ड बनाने की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी चारों जिलों में पात्र वरिष्ठ नागरिकों के अवशेष आयुष्मान कार्ड भी बनवाने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के पात्र लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराने में देरी नहीं होनी चाहिए।
अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की समीक्षा में सरकारी भवनों पर रेस्को मोड में सोलर रूफटॉप लगाने की योजना की प्रगति जानी गई। इस काम में तेजी लाने के लिए निदेशालय स्तर पर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सरकारी भवनों पर सोलर रूफटॉप लगाने की प्रगति बढ़ाने को कहा गया।
प्रधानमंत्री आवास में लक्ष्य के अनुरूप स्वीकृति के निर्देश
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना की स्थिति देखी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष जिन आवासों की स्वीकृति अभी बाकी है, उनकी स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री आवास योजना में भी लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत लाभार्थियों को प्रथम किश्त जारी करने को कहा गया। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और प्रथम किश्त जारी करने का लक्ष्य पूरा किया जाए।http://agra-mandal-development-review-445-schools-furniture-panchayat-proposals
इसी विभाग की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी प्रगति में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 8711 स्वयं सहायता समूहों का बैंक क्रेडिट लिंकेज कराया जा चुका है। मंडलायुक्त ने इस काम में और तेजी लाने तथा समूह गठन की प्रक्रिया को बढ़ाने के निर्देश दिए। वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत मथुरा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर काम में तेजी लाने को कहा गया।
ओडीओपी में आगरा ने 116 के लक्ष्य के सापेक्ष 92 का किया वितरण
उद्योग विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों योजनाओं के अंतर्गत मंडल के चारों जिलों में लक्ष्य मानक से अधिक वितरण किया गया है।
एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण हेतु सहायता योजना के अंतर्गत स्वीकृत मामलों के सापेक्ष वितरण की स्थिति भी रखी गई। आगरा में 116 के स्वीकृत लक्ष्य के सापेक्ष 92 का वितरण किया गया। फिरोजाबाद में 44 के सापेक्ष 41, मथुरा में 30 के सापेक्ष 23 और मैनपुरी में 25 के सापेक्ष 23 का वितरण हुआ। इस तरह चारों जिलों में स्वीकृत संख्या के मुकाबले वितरण की स्थिति अलग-अलग रही। अधिकारियों ने मंडलायुक्त को योजना की प्रगति से अवगत कराया।
महिला एवं बाल सम्मान कोष के लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर
महिला कल्याण विभाग की समीक्षा में उत्तर प्रदेश रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के लंबित प्रकरणों का मुद्दा उठा। मंडलायुक्त ने नोडल पुलिस अधिकारी और मेडिकल ऑफिसर के स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डीएससी में सभी लंबित प्रकरण प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना की समीक्षा में मथुरा और मैनपुरी को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को योजना के तहत पात्र लाभार्थियों तक अनुदान पहुंचाने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।
राशन की रिक्त दुकानों पर नए चयन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा
खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा में प्रचलित उचित दर की दुकानों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने रिक्त दुकानों के सापेक्ष नए चयन की कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निलंबित उचित दर की दुकानों से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने को कहा गया।
अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रगति की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि मंडल में कुल 116 भवनों के सापेक्ष 78 भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। शेष भवनों का काम प्रगति पर है। मंडलायुक्त ने शेष निर्माण कार्यों को भी तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी मैनपुरी इंद्रमणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी फिरोजाबाद संतोष कुमार शर्मा, चारों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, एडी हेल्थ और मंडल के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
