कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में सूरसदन में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ आयोजित, देशभर से आए कवियों ने वीर जवानों के साहस
त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण को रचनाओं में पिरोया
आगरा। शहीदों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का एहसास कराता रहेगा। उनका साहस, समर्पण और मातृभूमि की रक्षा के लिए दिया गया सर्वोच्च बलिदान युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने की प्रेरणा है। इसी संदेश के साथ शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता की स्मृति में सूरसदन प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ‘ऐ वतन तेरे लिए’ आयोजित किया गया। कैप्टन शुभम फाउंडेशन एवं भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से आए कवियों ने अपनी ओजस्वी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से शहीद को काव्यांजलि अर्पित की। कविताओं में सैनिकों के साहस, बलिदान, तिरंगे के सम्मान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की गूंज सुनाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर, पूर्व राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह, माथुर वैश्य महासभा के मुकेश गुप्ता, उद्यमी अजय अग्रवाल और एडवोकेट बसंत गुप्ता ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।http://agra-kavi-sammelan-salutes-martyrs-sacrifice-and-patriotism
इसके बाद शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इसमें उनके जीवन, सैन्य सफर, देशसेवा के प्रति समर्पण और मातृभूमि की रक्षा करते हुए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की स्मृतियों को दिखाया गया। डॉक्यूमेंट्री ने सभागार में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
सैनिकों की वर्दी और बलिदान को कविताओं में पिरोया
जबलपुर से आए कवि सुदीप भोला ने सैनिकों की वर्दी के गौरव और बलिदान को अपनी रचना में पिरोया। उन्होंने सुनाया, ‘वर्दियां वर्दियां वर्दियां ये वर्दियां, सैनिकों की वर्दियां सिपाहियों की वर्दियां, जो वतन के वास्ते खून से सनीं रहीं, रेशे-रेशे देश के लिए बनी रहीं… तन हुए थे खाक फिर भी खाकियां तनी रहीं।’ उनकी रचना में सैनिकों के त्याग और देश के प्रति समर्पण का भाव दिखाई दिया।https://todaynewstrack.com/2026/11/national-kavi-sammelan-agra-tribute-to-brave-soldiers-sacrifice/
भोपाल के पवन जैन ने जीवन के संघर्ष और इंसान की संवेदनाओं को अपनी कविता में अभिव्यक्त किया। उन्होंने सुनाया, ‘बंद हो थाने के पट ऐसा कभी होता नहीं, शहर सोए चैन से बस इसलिए सोता नहीं, कर्म पथ में है मिले मुझको मगर कांटे बहुत, आदमी हूं कैसे कह दूं मैं कभी रोता नहीं।’
तिरंगे की आन-बान और शहीदों के बलिदान को किया याद
दिल्ली से आए डॉ. प्रवीण शुक्ला ने तिरंगे की आन-बान और देश की सांस्कृतिक विरासत का चित्रण करते हुए सुनाया, ‘लालकिले पर फर-फर, फर-फर फहरे मस्त तिरंगा, मानव मन में निर्मल निर्झर बहे प्यार की गंगा।’
लखनऊ की कवयित्री डॉ. कविता तिवारी ने शहीदों के बलिदान को देश की असली ताकत बताते हुए अपनी ओजस्वी पंक्तियों से खूब तालियां बटोरीं। उन्होंने सुनाया, ‘अगर माटी के पुतले देह में ईमान जिंदा है, तभी इस देश की समृद्धि का अरमान जिंदा है, न भाषण से हैं उम्मीदें, न वादों पर भरोसा है, शहीदों की बदौलत मेरा हिंदुस्तान जिंदा है।’

इटावा के गौरव चौहान ने शहीद शुभम को याद करते हुए कहा, ‘खुशबू भारत की बसती थी जिसके खून-पसीने में, शुभम आज भी धड़क रहे हैं भारत मां के सीने में, यहां पर मौज है क्योंकि वहां फौज है।’
इंदौर के एकाग्र शर्मा ने भारतीय सेना के शौर्य और गौरव का बखान करते हुए सुनाया, ‘हमारी सेना हमारी आन-बान-शान है, सेना से जुड़ा पूरे देश का स्वाभिमान है, सेना से ही मां भारती का ऊंचा भाल है, दोस्तों की दोस्त, दुश्मनों के लिए काल है।’
शुभम का साहस और समर्पण युवाओं को देता रहेगा प्रेरणा
शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता और माता पुष्पा गुप्ता ने कहा कि कैप्टन शुभम का अदम्य साहस और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव युवाओं को प्रेरित करता रहेगा। नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने और शुभम की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आयोजित किया गया है।
कविताओं में गूंजा सैनिकों का अदम्य साहस
कवियों की रचनाओं में कहीं सैनिकों के अदम्य साहस की गूंज सुनाई दी तो कहीं मातृभूमि के प्रति समर्पण और शहीदों के परिवारों के त्याग का भाव दिखाई दिया। श्रोताओं ने तालियों और भारत माता के जयकारों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे सभागार में देशप्रेम, वीरता और बलिदान के भाव नजर आए।
इस अवसर पर डॉ. केशवदत्त गुप्ता, डॉ. तरुण शर्मा, प्रमोद कुमार अग्रवाल, विनय सिंघल, राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, अखिलेश भटनागर, पुष्पेंद्र सिसोदिया, धर्मगोपाल मित्तल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, उमेश बंसल, चन्द्रवीर सिंह, जितेंद्र बंसल, केके अग्रवाल, मनीष जैन और संजीव दौनेरिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
