69वें वार्षिकोत्सव में सूरमा-द वैलिएंट थीम पर कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां
मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को किया सम्मानित
आगरा। मुश्किलें कितनी भी बड़ी हों, उनसे घबराकर पीछे हटने के बजाय साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना ही असली वीरता है। हार न मानने और हर परिस्थिति में अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने का यही संदेश सेंट क्लेयर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के 69वें वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया।
शनिवार को आयोजित समारोह की थीम सूरमा-द वैलिएंट रही। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य और गायन के माध्यम से साहस और प्रतिभा का संगम प्रस्तुत किया।

शाम पांच से रात आठ बजे तक चले समारोह की अध्यक्षता आगरा महाधर्मप्रांत के आर्चबिशप डॉ. राफी मंजली ने की। मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल और विशिष्ट अतिथि आईएएस अधिकारी एवं विद्यालय की पूर्व छात्रा स्मृति मिश्रा रहीं। विद्यालय के प्रबंधक फादर शाजी जोसेफ और प्रधानाचार्य फादर सनी कोट्टूर ने अतिथियों का स्वागत किया।https://todaynewstrack.com/2026/11/st-clares-school-agra-news-69th-annual-function-real-bravery-never-give-up-message/
प्रार्थना नृत्य से हुई समारोह की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’ के संदेश और प्रार्थना नृत्य के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। विद्यालय की गायन मंडली ने मनमोहक प्रस्तुति दी। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे विद्यार्थियों ने ‘रूट्स टू रिदम’ प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक पेश की। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
पूर्व छात्रा स्मृति मिश्रा ने साझा किए अनुभव
समारोह में विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके बाद विशिष्ट अतिथि स्मृति मिश्रा ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने नेतृत्व क्षमता के महत्व पर विचार रखे। इस दौरान कक्षा 10 और 12 के मेधावी छात्र-छात्राओं, शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सुपर हीरोज की प्रस्तुति भी कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र रही।
सूरमा-द वैलिएंट में दिखाई वीरता की झलक
समारोह का मुख्य आकर्षण कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों की थीम आधारित प्रस्तुति ‘सूरमा-द वैलिएंट’ रही। गायन मंडली ने ‘डोंट स्टॉप बिलीविंग’ गीत से इसकी शुरुआत की। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि वीरता केवल शारीरिक ताकत का नाम नहीं है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में हिम्मत बनाए रखना, अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना और असफलताओं के बावजूद प्रयास जारी रखना भी सच्ची वीरता है।
गगन गोयल ने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन का महत्व बताया
मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने उन्हें जीवन में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे आर्चबिशप डॉ. राफी मंजली ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन दिए। विद्यालय की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
अंत में हेड बॉय और हेड गर्ल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। विद्यालय गीत और राष्ट्रगान के साथ तीन घंटे तक चले समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन प्रमुख समाजसेवी श्याम भोजवानी ने किया।
