जीआईसी मैदान में दलित महासम्मेलन में उमड़ी भीड़, बोले- संविधान बचेगा तभी वोट और सम्मान बचेगा; दमदार दलित मिलकर भाजपा को हराएंगे
जूता कारीगरों को न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम, 69 हजार शिक्षकों को न्याय और संविदा सफाई कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करने का भरोसा; बाल योगी ने थामा सपा का दामन
आगरा। बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल, युवाओं के लिए नौकरी, सरकारी भर्तियों में आरक्षण और मजदूरों को उनकी मेहनत का पूरा पैसा। इन मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान से 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए PDA का राजनीतिक एजेंडा सामने रखा।
दलित महासम्मेलन में आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। अखिलेश यादव ने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने, सरकारी स्कूल बंद करने, नौकरियां खत्म करने और दलितों को उनके अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान बचेगा तभी वोट और सम्मान बचेगा। PDA में अब डी का मतलब दमदार दलित हो गया है। दमदार दलित मिलकर भाजपा को हराएंगे और उसका सफाया करेंगे।
अखिलेश यादव ने आगरा के जूता उद्योग से जुड़े कारीगरों और मजदूरों को भी भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आगरा से बड़े पैमाने पर जूतों का निर्यात होता है। यहां के मजदूरों से आठ घंटे से अधिक काम कराया जाता है तो उन्हें ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित कराया जाएगा। ठेकेदारी व्यवस्था के जरिए मजदूरों को आर्थिक रूप से कमजोर किया जाता है। https://todaynewstrack.com/2026/11/dalit-backward-minority-unite-up-akhilesh-yadav-agra-2027-election-agenda/
समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम दोनों का भुगतान कराया जाएगा। उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति समाज के लिए विशेष पैकेज देने और सरकारी नौकरियों के खाली पद भरने की भी बात कही।
अंगद का पैर बताने वालों की जमीन खिसकने का दावा
अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर बिना नाम लिए तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग कह रहे थे कि अंगद का पैर है, आगरा के इस सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं होगी तो पैर कहां रखोगे? गौरतलब है कि अमित शाह ने 30 अक्टूबर को लखनऊ में भाजपा सरकार को अंगद का पैर बताते हुए कहा था कि उसे कोई हिला नहीं सकता।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा के लोग PDA की परिभाषा बदलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब PDA में डी का मतलब दमदार दलित हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार दलित समाज भाजपा को हराने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। देश मनविधान से नहीं, संविधान से चलेगा। जो लोग संविधान बदलना चाहते हैं, PDA के लोग उन्हें सत्ता से विदा करेंगे। उन्होंने कहा कि संविधान रहेगा तो आरक्षण रहेगा और लोगों को न्याय मिलेगा।
26 हजार स्कूल बंद करने और पेपर लीक का आरोप
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द हुई हैं। पेपर लीक कराने वाले लोग सरकार में बैठे हैं। भाजपा ऐसा इसलिए कर रही है, ताकि युवाओं को नौकरी और दलित समाज के लोगों को आरक्षण न देना पड़े।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इससे गरीब और PDA समाज के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
स्कूलों के साथ वहां काम करने वाले शिक्षकों की नौकरियां भी खत्म हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी नौकरियों को भी खत्म कर रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खाली पदों को भरा जाएगा और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
अखिलेश ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले 10 साल में अभ्यर्थियों को अपने हक के लिए आंदोलन करना पड़ा और अदालतों के चक्कर काटने पड़े। सुप्रीम कोर्ट तक उनके पक्ष में होने के बावजूद सरकार उन्हें न्याय नहीं दिला पा रही है। उन्होंने भरोसा दिया कि समाजवादी सरकार बनने पर शिक्षकों को उनका हक और सम्मान दिलाया जाएगा।
लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा
अखिलेश यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग डराते और धमकाते हैं, इस बार उनकी लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन Gen Z और Gen Alpha ने सरकार को झुकाया है।
उन्होंने वाराणसी में डबल इंजन सरकार को डबल जीरो मिलने की बात कही और आगरा में सपा समर्थित प्रत्याशी को डराने, मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। उनके अनुसार इसके बावजूद प्रत्याशी जीता। उन्होंने कहा कि युवाओं के विरोध के बाद सरकार को अपने मंत्री को हटाना पड़ा।
वोट बचाने और नए वोट बनवाने पर दिया जोर
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि PDA प्रहरी और समाजवादी कार्यकर्ताओं ने न केवल अपने वोट बचाए, बल्कि नए वोट भी बनवाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें 1 करोड़ 27 लाख हिंदुओं के वोट कटने की बात कही गई थी।
अखिलेश ने सवाल उठाया कि जब चुनाव आयोग, जिलाधिकारी और अधिकारी सब सरकार के हैं तो वोट कैसे कट गए? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा केवल अपने समर्थकों के वोट बनवाने की है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने के लिए काम किया है।
दलित उत्पीड़न और बाबा साहब की मूर्तियों का मुद्दा
अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ सबसे अधिक अन्याय और उत्पीड़न हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और गौतम बुद्ध की मूर्तियां तोड़ी जा रही हैं। करीब 200 मूर्तियां तोड़े जाने की जानकारी मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर मूर्तियों की सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी। जो मूर्तियां टूट गई हैं, उन्हें दोबारा बनवाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।http://akhilesh-yadav-agra-dalit-pda-mahasammelan-up-assembly-election-2027
उन्होंने भाजपा पर मनुस्मृति को मानने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान को मानने वाले लोगों के साथ है। भाजपा 80 और 20 की बात करती है, जबकि असली योगी वही है जो 100 प्रतिशत लोगों के बारे में सोचे। उन्होंने कहा कि सरकार का काम सभी वर्गों का विकास करना है, किसी को पीछे छोड़ना नहीं।
अस्पतालों से लेकर थानों तक व्यवस्था पर सवाल
अखिलेश यादव ने सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा है। एंबुलेंस नहीं चल रही हैं और मरीजों को सरकारी अस्पतालों से निजी अस्पतालों में भेजा जा रहा है। पिछले 10 वर्षों में सरकारी व्यवस्था कमजोर हुई है और स्वास्थ्य सेवाएं निजी हाथों में सौंपी गई हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब तो अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है।
उन्होंने महिला उत्पीड़न के मामलों और पुलिस व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। पुलिस की 100 नंबर व्यवस्था भी कमजोर हुई है। समाजवादी सरकार बनने पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने, कानून का राज स्थापित करने और सामाजिक न्याय का भरोसा दिया।
बाल योगी ने सपा जॉइन की, बोले- अब पार्टी के लिए जिंदा रहूंगा
सम्मेलन में आगरा के सामाजिक कार्यकर्ता बाल योगी उर्फ लव पंडित का समाजवादी पार्टी में शामिल होना भी प्रमुख घटनाक्रम रहा। अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके बाद बाल योगी ने कहा कि वह शपथ लेते हैं कि आज के बाद सपा के लिए ही जिंदा रहेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री की 80 और 20 प्रतिशत वाली बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास सभी 100 प्रतिशत लोगों का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दलित समाज के विकास की जिम्मेदारी अखिलेश यादव उठाएंगे।
बाल योगी आगरा के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता और गरीब सेना संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह जलभराव और नाले-सीवर जैसी समस्याओं को लेकर अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराते रहे हैं।
कन्नौज से साइकिल चलाकर पहुंचे 67 साल के लखन सिंह
सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। PDA लिखी टी-शर्ट पहने लोग और अखिलेश यादव की तस्वीरें लेकर आईं महिलाएं भी नजर आईं। ढोल-नगाड़ों और सपेरों के बैंड की धुन पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य किया।
कन्नौज के 67 वर्षीय लखन सिंह यादव तीन दिन में करीब 200 किलोमीटर साइकिल चलाकर आगरा पहुंचे। उन्होंने 13 नवंबर को यात्रा शुरू की थी। साइकिल पर सुझाव पेटिका लगाकर रास्ते में लोगों से समाजवादी पार्टी के लिए सुझाव मांगे। उनका कहना था कि 2027 में अखिलेश यादव फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
अखिलेश यादव ने मंच पर पहुंचकर हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब अमर रहें और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाए। अखिलेश ने बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद बुद्ध वंदना हुई।
रामजीलाल सुमन बोले- भाजपा के फूल को हराएंगे
राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित समाज एकजुट हो रहा है। भीड़ से पता चलता है कि 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा ने भावनाओं और मजहब के नाम पर चुनाव जीते, लेकिन इस बार चुनाव मुद्दों पर आधारित होगा। उन्होंने गौतम बुद्ध और बाबा साहब की मूर्तियां तोड़े जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार बनने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अखिलेश यादव ने रामजीलाल सुमन का समर्थन करते हुए कहा कि रामजीलाल सुमन भाजपा के फूल को हराएंगे और प्रदेश में सामाजिक न्याय का राज्य स्थापित होगा।
रामगोपाल, अवधेश प्रसाद और नदवी ने भी भाजपा को घेरा
सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा कुछ पार्टियों और लोगों के माध्यम से PDA की एकजुटता तोड़ने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील की।
अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भाजपा को हटाने की ताकत अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी में है। उन्होंने कहा कि आगरा में होने वाले सम्मेलन सपा के लिए शुभ रहे हैं। रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में स्कूल बंद किए गए, वोट चोरी में सहयोग किया गया और पेपर लीक की घटनाएं हुईं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मोहब्बत से चलेगा, किसी की दादागीरी से नहीं।
सम्मेलन से पहले पोस्टर विवाद, भाजपा जिलाध्यक्ष ने भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव के आगरा पहुंचने से पहले शहर में उनके और आजम खान की तस्वीर वाले पोस्टर लगाए गए। इन पर बाबा साहब के अपमान और दलितों पर अत्याचार का आरोप लगाया गया था। जानकारी मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं ने यूनीपोल पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने खेरिया एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव के स्वागत के लिए तैयार 22 लोगों की सूची पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि इसमें दलित कहां हैं और PDA कहां है? उन्होंने रामजीलाल सुमन का नाम सूची में नहीं होने पर भी तंज कसा।
प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी अखिलेश यादव के दौरे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को बाबा साहब आंबेडकर और कांशीराम पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणियों के लिए माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए बयान को लेकर भी माफी की मांग की। राजभर ने सपा सरकार के दौरान आंबेडकर और कांशीराम के नाम पर बने जिलों, योजनाओं और संस्थानों के नाम बदले जाने तथा दलितों पर अत्याचार की घटनाओं का भी जिक्र किया।
सीट बंटवारे और प्रत्याशियों पर जल्द फैसला
अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का संकेत देते हुए कहा कि चुनाव में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। सीटों के बंटवारे और प्रत्याशियों के चयन पर जल्द फैसला होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग 2024 में हारे हैं, वे 2027 में भी हारेंगे। उन्होंने भाजपा पर जनसमर्थन जुटाने के लिए धार्मिक कथाएं कराने का सहारा लेने का आरोप लगाया।
सम्मेलन के जरिए अखिलेश यादव ने दलित समाज के साथ पिछड़े, अल्पसंख्यक, युवा और मजदूर वर्ग को PDA के साथ जोड़ने की कोशिश की। उनके भाषण में संविधान और आरक्षण की रक्षा के साथ शिक्षा, रोजगार, सरकारी भर्तियां, मजदूरों की मजदूरी और सामाजिक न्याय प्रमुख मुद्दे रहे।
आगरा के जूता उद्योग के कारीगरों को ओवरटाइम और न्यूनतम मजदूरी का भरोसा देकर उन्होंने स्थानीय रोजगार के सवाल को भी अपने राजनीतिक संदेश का हिस्सा बनाया।
