आगरा। पेंशन जारी रखने के लिए जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने को अब बुजुर्गों को कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। पेंशनर अपने या परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) तैयार कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से पहचान सत्यापित होने के बाद प्रमाण-पत्र कोषागार भेजा जा सकेगा। जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। वहीं, मोबाइल ऐप के इस्तेमाल में परेशानी होने पर उनकी मदद के लिए आगरा की पांच तहसीलों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में कोषागार की टीम पेंशनरों का ऑनलाइन प्रमाण-पत्र तैयार कराने के साथ ही उन्हें ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी देगी। शिविरों का आयोजन 13 से 21 नवंबर तक निर्धारित तिथियों पर दोपहर 12 से शाम चार बजे तक होगा।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू), भारत सरकार की ओर से एक नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पेंशनरों को घर बैठे जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराना और डिजिटल माध्यम से प्रक्रिया को आसान बनाना है। इस संबंध में मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से भी निर्देश जारी किए गए हैं। शासन के पत्र संख्या 394/पीएसएमएस/2026, दिनांक 14 अक्तूबर 2026 के माध्यम से अभियान के आयोजन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोषागार से पेंशन पाने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि जिनके जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे समय रहते अपना प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर दें। इसके लिए कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है। पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग पेंशनरों को कार्यालय तक आने-जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने के लिए पेंशनर को अपने अथवा परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से सबसे पहले AadhaarFaceRD App इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद Jeevan Pramaan App इंस्टॉल करके उसे खोलना होगा। ऐप में मांगी गई जानकारियां भरने के बाद आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से पेंशनर की पहचान सत्यापित की जाएगी। इसके बाद जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि जीवन प्रमाण ऐप में पेंशनर को अपना आधार नंबर, नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ नंबर और बैंक से संबंधित जानकारी दर्ज करनी होगी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार होगा। इसे ऑनलाइन कोषागार को भेजा जा सकता है। इसके लिए पेंशनर को कार्यालय में पहुंचकर स्वयं उपस्थित होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पेंशनर के पास अपना स्मार्टफोन नहीं होने पर परिवार के किसी सदस्य के मोबाइल से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।http://today-news-track-pensioners-submit-digital-life-certificate-online-from-home-agra-up
मुख्य कोषाधिकारी ने बताया कि डिजिटल सुविधा का लाभ लेकर पेंशनर घर बैठे अपना जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार को ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए कार्यालय आने-जाने की जरूरत नहीं होगी। अभियान के तहत उन पेंशनरों को भी सुविधा का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें मोबाइल ऐप के इस्तेमाल की जानकारी नहीं है या डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होती है।
इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की तहसीलों में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविरों में कोषागार की टीम मौजूद रहकर पेंशनरों का ऑनलाइन जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कराने में मदद करेगी। साथ ही उन्हें AadhaarFaceRD App और Jeevan Pramaan App के माध्यम से प्रमाण-पत्र बनाने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी और प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे पेंशनर आगे भी स्वयं अपने मोबाइल से डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कर सकेंगे।http://ension-life-certificate-online-from-home-agra-up
जारी समय सारिणी के अनुसार पहला शिविर 13 नवंबर, शुक्रवार को एत्मादपुर तहसील परिसर में लगाया जाएगा। इसके बाद 15 नवंबर, रविवार को उप कोषागार बाह के तहसील परिसर में शिविर आयोजित होगा। 17 नवंबर, मंगलवार को उप कोषागार किरावली के तहसील परिसर में पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार कराए जाएंगे। इसी क्रम में 19 नवंबर, गुरुवार को उप कोषागार खेरागढ़ के तहसील परिसर और 21 नवंबर, शनिवार को उप कोषागार फतेहाबाद के तहसील परिसर में शिविर लगाया जाएगा। सभी शिविरों का समय दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रशासन की ओर से सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी तहसील में निर्धारित तिथि पर आयोजित शिविर में पहुंचकर सुविधा का लाभ उठाएं। जिनके जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे समय रहते अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर दें। राष्ट्रव्यापी अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। पेंशनर इस अवधि में घर बैठे ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से अथवा तहसील स्तर पर आयोजित शिविरों में कोषागार टीम की सहायता लेकर अपना जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं।
