नम आंखों से हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई, सांसद राजकुमार चाहर के छलके आंसू
फतेहाबाद। बीमारी के चलते गुरुवार शाम फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों और चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह आगरा स्थित आवास पर विधायक का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

करीब 11 बजे पार्थिव शरीर को रथ में रखकर आगरा से उनके पैतृक गांव नगला देवहंस के लिए रवाना किया गया। रास्ते में जगह-जगह सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में फूल लेकर अपने नेता के अंतिम दर्शन के लिए खड़े रहे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें अंतिम विदाई दी। भीड़ के चलते अंतिम यात्रा का काफिला कई घंटे की देरी से नगला देवहंस पहुंचा। गांव पहुंचते ही आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क पर दूर-दूर तक लोगों की भीड़ नजर आ रही थी। इसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। हजारों लोगों ने नम आंखों से अपने नेता को अंतिम विदाई दी।

इसके बाद पैतृक मकान के पीछे अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। गार्ड सलामी के बाद विधायक के सबसे छोटे पुत्र महेंद्र वर्मा ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। सांसद राजकुमार चाहर ने भावुक होते हुए कहा, मैंने अपना एक बाजू खो दिया है। छोटेलाल वर्मा नाम से छोटे थे, लेकिन उनके काम बहुत बड़े थे। आज हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ उनके जनाधार की गवाही दे रही है। उन्होंने कहा कि छोटेलाल वर्मा जन-जन के नेता और जमीन से जुड़े व्यक्ति थे। लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूरी ताकत के साथ भाजपा के पक्ष में जनता के बीच काम किया था।

अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी, डॉ.मंजू भदौरिया, सीमा उपाध्याय, रामसकल गुर्जर, डॉ. राजेंद्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, केशो मेहरा, डॉ. धर्मपाल, कालीचरन सुमन, प्रशांत पौनिया, प्रभुदयाल कठेरिया, राजकुमार गुप्ता, हेमलता दिवाकर कुशवाहा, मुन्ना लंबरदार सहित जिलाधिकारी मनीष बंसल, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा, तहसीलदार शिखर मिश्रा, एसीपी इमरान अहमद मौजूद रहे।


