आगरा। जनकपुरी महोत्सव के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित महाआरती में बाह विधानसभा क्षेत्र की विधायिका रानी पक्षालिका सिंह भदावर शामिल हुईं। उन्होंने प्रभु श्रीराम की आरती कर पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान आयोजन समिति और महिला मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
महाआरती में विधायिका ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं। जनकपुरी महोत्सव हमारी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ा आयोजन है, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति को महोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण का मुद्दा भी उठाया। कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलने के साथ उनके सम्मान और सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं की भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
महाआरती के दौरान केंद्रीय कार्यालय में धार्मिक माहौल बना रहा। आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और महिला मंडल की सदस्यों ने आरती में हिस्सा लिया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आयोजन समिति की ओर से रानी पक्षालिका सिंह भदावर का स्वागत और अभिनंदन किया गया।
आयोजन समिति की ओर से मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री शमनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल (ग्वाला), मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, धीरज शर्मा, रोहन गुप्ता, अनुज भारद्वाज, नरेंद्र शर्मा, नीरज मिश्रा, हेमंत जादौन, लोकेंद्र संत मौजूद रहे।
महिला मंडल की अध्यक्ष अमृता पोरवाल, मुख्य संरक्षक आरती शर्मा, सीईओ शीतल अग्रवाल, मुख्य समन्वयक शिखा वर्मा, समन्वयक वंदना पोरवाल, उपाध्यक्ष ज्योति सिंह और अनामिका तथा सह-समन्वयक संगीता सिंह और मीना पाठक सहित अन्य सदस्याएं भी महाआरती में शामिल हुईं।
जनकपुरी महोत्सव को लेकर आयोजन समिति की तैयारियां चल रही हैं। समिति से जुड़े पदाधिकारी धार्मिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव को लोगों की भागीदारी वाला आयोजन बनाने में जुटे हैं। महाआरती में भी बड़ी संख्या में समिति से जुड़े लोग मौजूद रहे।
