फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के महाराजपुर में मंगलवार को 28 वर्षीय विवाहिता रुक्मणी उर्फ वीनू की मौत के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और विवाहिता की हत्या कर शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं निबोहरा पुलिस के मुताबिक पारिवारिक कलह के चलते विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार साल छह माह के बेटे आरव और दो वर्ष की बेटी कीर्ति के सिर से मां का साया उठ गया है।

बरौली अहीर, थाना एकता निवासी रुक्म सिंह पुत्र भीष्म सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन रुक्मणी उर्फ वीनू की शादी वर्ष 2020 में महाराजपुर निवासी जयप्रकाश पुत्र सोबरन सिंह के साथ की थी। उनके अनुसार शादी में अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज दिया गया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रुक्मणी के साथ मारपीट करते थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष को कुछ पैसे भी दिए, लेकिन कुछ समय बाद फिर से मारपीट शुरू हो जाती थी।

रुक्म सिंह का आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे जयप्रकाश, उसके पिता सोबरन सिंह और अन्य ससुरालियों ने रुक्मणी के साथ मारपीट की और उसे घर में पंखे से लटका दिया। जानकारी मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तो उनके अनुसार ससुराल पक्ष के लोग वहां से चले गए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस की आपात सेवा 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रुक्मणी की मौत की खबर मिलते ही मायके और परिवार में कोहराम मच गया। उसके दो छोटे बच्चों को अभी यह तक पता नहीं है कि उनकी मां अब उनके बीच नहीं है। मृतका का करीब साढ़े चार वर्ष का बेटा आरव और दो वर्ष की बेटी कीर्ति हैं। मां की मौत के बाद दोनों मासूमों के सिर से ममता का सहारा छिन गया है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले में निबोहरा के प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पारिवारिक कलह के चलते विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

