आगरा। भावना एस्टेट रोड पर होने वाले जनकपुरी महोत्सव-2026 में श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग और आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने जनक महल स्थल से लेकर पहुंच मार्गों तक का स्थलीय निरीक्षण किया। हाईवे पर बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, विभिन्न कटों को खोलने-बंद रखने, वाहनों की आवाजाही, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर मौके पर विस्तृत योजना पर मंथन किया गया। अधिकारियों ने साफ किया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं संभालेंगे।
निरीक्षण में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडिशनल डीसीपी सिटी हिमांशु गौरव, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह और सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी सहित प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील भट्ट, डिप्टी चीफ इंजीनियर मीत प्रकाश समेत अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला और मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह मौजूद रहे। क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी एवं स्वामीनाथ तिवारी, सतीश ठाकुर और शिवा यादव भी निरीक्षण में शामिल रहे।
अधिकारियों ने महोत्सव के दौरान हाईवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की। श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ सामान्य यातायात को भी सुचारू बनाए रखने के लिए संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को देखा गया। मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ हाईवे पर आवश्यक बैरिकेडिंग और डायवर्जन की व्यवस्था पर भी विचार किया गया। इसके अलावा विभिन्न कटों को जरूरत के अनुसार खोलने या बंद रखने की व्यवस्था पर चर्चा हुई, ताकि यातायात को मौके की स्थिति के अनुसार नियंत्रित किया जा सके।
अधिकारियों ने प्रस्तावित जनक महल स्थल और वहां तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र की स्थिति को समझा गया और संभावित भीड़ को नियंत्रित करने, वाहनों की आवाजाही बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को भी योजना में शामिल किया गया।
महोत्सव अवधि में आगरा मेट्रो क्षेत्र से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय किया गया। प्रशासन ने कहा कि आयोजन के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करेंगे, जिससे जनकपुरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
