आगरा। सावन की हरियाली, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक परिधानों की छटा के बीच एनसीआरएमयू महिला विंग की ओर से हरियाली तीज समारोह का आयोजन किया गया। महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य, झूला, मेहंदी और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह से भाग लेकर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक के साथ महिलाओं को व्यस्त कार्यजीवन से कुछ समय निकालकर आपसी मेल-मिलाप और मनोरंजन का अवसर भी मिला।
हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे प्रकृति की हरियाली, प्रेम, सौभाग्य और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ आयोजित समारोह में महिला सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी महिलाएं पारंपरिक परिधानों और आभूषणों में सुसज्जित होकर पहुंचीं, जिससे कार्यक्रम स्थल पर तीज का रंग नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाचरण और तीज के पारंपरिक गीतों के साथ हुई।

समारोह में महिलाओं ने तीज गीत, लोकगीत और नृत्य प्रस्तुत किए। इसके साथ झूला, मेहंदी और विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और तीज की शुभकामनाएं दीं।
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और सौहार्द की भावना को मजबूत करना भी है। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकाचार को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनते हैं। हरियाली तीज प्रकृति के प्रति प्रेम और उसके संरक्षण का संदेश भी देती है। सावन की फुहारों और हरियाली के बीच मनाया जाने वाला यह पर्व जीवन में नई उमंग, आशा और खुशियों का संचार करता है। कार्यक्रम में महिलाओं ने प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
NCRMU महिला विंग की सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा। इस अवसर पर NCRMU महिला विंग एवं एआईआरएफ महिला विंग की आगरा मंडल की संयोजक निखिल बाजपेई और सहायक मंडल सचिव एससीआरएमयू आगरा साजमा परवींन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय उपाध्यक्ष विजय वीर सिंह, मंडल अध्यक्ष विजय सिंह मीणा, मंडल मंत्री सुकेश यादव, मंडल कोषाध्यक्ष हरिओम भारद्वाज, संयुक्त मंडल सचिव नीरज परिहार, शाखा सचिव अभिमन्यु वर्मा, आयुष यादव, ब्रजपाल सिंह, रविन्द्र सिंह, महेश चंद और निजू कुमार आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
महिला सदस्यों में श्रीमती निखिल बाजपेई, स्नेहलता, किरन, शिल्पा, किरन नरोलीया, हिमानी, दीप माला, भूमी, याशमीन, मोना, गुलशन, बेबी, रजनी, भावना, मानशी, मिरदू और नेहा ने भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।

