फतेहाबाद। फतेहाबाद थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान एडिशनल पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ मृदुल व्यवहार किया जाए और उसकी समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका समुचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पुलिस संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, कानून-व्यवस्था, आईजीआरएस, मिशन शक्ति, जनसुनवाई, सड़क सुरक्षा और थाना परिसर के विकास कार्यों की भी जानकारी ली तथा पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

फतेहाबाद थाना के वार्षिक निरीक्षण के दौरान एडिशनल पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने पुलिस व्यवस्था, जनसुनवाई और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो और अपराधियों में कानून का भय बना रहे। इसके लिए पुलिस का व्यवहार संवेदनशील होने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की कार्रवाई भी प्रभावी होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल सीपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ मृदुल व्यवहार किया जाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर आने वाले व्यक्ति को पहले सम्मानपूर्वक बैठाया जाए, उसे पानी उपलब्ध कराया जाए और उसकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी जाए। इसके बाद उसकी समस्या का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से समुचित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अच्छा व्यवहार ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास का सबसे मजबूत आधार बनता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पुलिस विभाग को लगातार आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के स्तर से पुलिस के लिए आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़े और वे बेहतर गुणवत्ता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का मोटिवेशन जितना मजबूत होगा, अपराधियों पर उतना ही प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
एडिशनल सीपी ने थाना परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि थानों में बेहतर भवन, पर्याप्त सुविधाएं और व्यवस्थित कार्यस्थल विकसित किए जा रहे हैं, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर वातावरण मिल सके। साथ ही थाने पर आने वाले फरियादियों के बैठने की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का समय-समय पर पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर से निरीक्षण भी किया जाता है।
निरीक्षण के दौरान आईजीआरएस से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। एडिशनल सीपी ने बताया कि फतेहाबाद थाना की आईजीआरएस प्रगति संतोषजनक पाई गई है। इसके अलावा मिशन शक्ति और जनसुनवाई अभियान के तहत भी थाना स्तर पर अच्छा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थिति से समय रहते निपटने की तैयारी बनी रहे।
एडिशनल सीपी ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी पुलिस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में जहां-जहां अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उन स्थानों का चिन्हांकन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं के कारणों का अध्ययन कर उन्हें कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस की सक्रिय भूमिका लोगों के जीवन की रक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले स्तर पर वाहनों के लिए डंपिंग यार्ड विकसित किए गए हैं। इससे विभिन्न थानों में लंबे समय से खड़े जब्त वाहनों का बोझ कम होगा और थाना परिसरों में स्थान की समस्या का समाधान भी होगा। इससे थाना परिसर अधिक व्यवस्थित रहेंगे और पुलिस के कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान एडिशनल सीपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद भी किया और उन्हें जनता के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार रवैया अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि बेहतर बनाने में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने व्यवहार, कार्यशैली और जिम्मेदारियों के प्रति पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, जनसुनवाई व्यवस्था और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अभिषेक अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

