फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव नयापुरा खंडेर में रविवार देर रात जमीनी विवाद के बीच 12 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने अपने ही रिश्तेदारों और परिवार के लोगों पर घर में घुसकर चोरी करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव नयापुरा खंडेर निवासी मोहन सिंह पुत्र मानसिंह ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि रविवार रात करीब डेढ़ बजे 9 से 10 लोग दीवार के सहारे घर के अंदर घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे संदूक से करीब 12 लाख रुपये चोरी कर लिए। मोहन सिंह के अनुसार आवाज होने पर उनकी और पत्नी हीरा देवी की आंख खुल गई, जिसके बाद आरोपियों ने दोनों का मुंह दबा दिया और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष ने चोरी का आरोप अपने ही परिवार और रिश्तेदारी के लोगों पर लगाया है। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। मोहन सिंह ने दावा किया कि घटना को अंजाम देने वालों में से दो लोगों को उन्होंने पहचान लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच के दौरान पीड़ित पक्ष की गतिविधियां भी संदेह के दायरे में मानी जा रही हैं और मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है।
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि सूचना मिलने पर वह स्वयं फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। जिन लोगों पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है, वे पीड़ित पक्ष के रिश्तेदार और परिवारीजन ही हैं। दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

