फतेहाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को फतेहाबाद क्षेत्र में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बड़े स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मिठाई वितरित कर दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की गई।

विकासखंड कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर और पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखरेख करने की अपील की।

पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बड़े होने तक देखभाल करना भी जरूरी है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के बीच मिठाई बांटी गई।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान, अंकित गुप्ता, अंशुल राणा, विनोद प्रधान, भूरी सिंह भदौरिया, संकेत सिंह वर्मा, आशीष चौहान, नितिन गुप्ता, अजय जादौन, बीपी गुर्जर, लल्लूराम गुर्जर, फौजीराम वर्मा, मनोज राठौर, धर्मेंद्र कुशवाहा, अजमेर सिंह सिसौदिया, सचिन गोयल और वीरू फौजदार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विश्व पर्यावरण दिवस के तहत तहसील मुख्यालय फतेहाबाद में उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। थाना फतेहाबाद में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, थाना डौकी में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, थाना निबोहरा में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम और थाना बमरौली कटारा में थानाध्यक्ष दीपक कुमार तिवारी के नेतृत्व में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा किलोमीटर-21 पर मुख्य सुरक्षा अधिकारी आरएन सिंह और प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर के नेतृत्व में पौधे लगाए गए। वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय फतेहाबाद में प्राचार्य अरुणा त्रिपाठी तथा जनता इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शमशाबाद देहात में विधायक छोटेलाल वर्मा के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत धिमिश्री मंडल में जिला उपाध्यक्ष हरिओम रावत के नेतृत्व में भी पौधे लगाए गए। इस दौरान जिला मंत्री महेंद्र वर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पचौरी और राजकुमार पुंडीर सहित कई लोग मौजूद रहे।
पूरे क्षेत्र में चले इस अभियान के दौरान लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।

