सार
आगरा में निर्माणाधीन न्यू सिविल टर्मिनल परियोजना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भूमि अधिग्रहण, जलनिकासी, मॉडल रोड, वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था, बाउंड्री प्रबंधन और पौधारोपण जैसे कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और विभागों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

आगरा। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने न्यू सिविल टर्मिनल परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक में एडीए, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, नगर निगम, सेतु निगम, सी एण्ड डीएस, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सिंचाई विभाग, एनएचएआई और पंचायतीराज विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में भूमि अधिग्रहण की स्थिति पर जानकारी दी गई कि कुल 125 किसानों की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में 75 किसानों की रजिस्ट्री पूर्ण हो चुकी है, जबकि 50 किसानों की रजिस्ट्री प्रक्रिया अभी लंबित है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष सभी किसानों की रजिस्ट्री प्रक्रिया जून माह के अंत तक हर हाल में पूर्ण कर ली जाए, ताकि परियोजना की गति प्रभावित न हो।

पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से बताया गया कि कुल 2.20 किलोमीटर लंबे मार्ग में लगभग 2 किलोमीटर तक मिट्टी कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके साथ ही मार्ग निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक में न्यू सिविल एन्क्लेव एयरपोर्ट परियोजना के तहत आंतरिक जलनिकासी और बाहरी सीवेज व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। सी एण्ड डीएस और सिंचाई विभाग को संयुक्त सर्वे कर नाले की जलधारण क्षमता, संभावित जल निकासी प्रवाह, डिजाइन और ड्राइंग के आधार पर विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खेरिया मोड़ से मलपुरा क्षेत्र तक अर्बन फ्लड एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के अंतर्गत नाला निर्माण की योजना को भी आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
खेरिया मोड़ से जगनेर मार्ग और मलपुरा नहर तक प्रस्तावित मॉडल रोड के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर एडीए को निर्देश दिए गए कि नाले की व्यवस्था को शामिल करते हुए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर बजट प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि कार्य में देरी न हो।
बैठक का एक महत्वपूर्ण बिंदु पौधारोपण से जुड़ा रहा। वन विभाग ने जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार 4000 पौध लगाए जाने हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एनएचएआई को निर्देश दिए कि इनर रिंग रोड या सदर्न बाईपास पर सड़क किनारे वन विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कर पौधारोपण की विस्तृत योजना तैयार की जाए और एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

सिविल टर्मिनल क्षेत्र में बाउंड्री वॉल का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन चार स्थानों पर ग्रामीण आवागमन के लिए छोड़े गए मार्ग अभी खुले हैं। इन मार्गों को बंद करने और इसके साथ ही वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। पीडब्ल्यूडी विभाग ने जानकारी दी कि क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग पहले से उपलब्ध हैं, जिन्हें व्यवस्थित कर सुचारू यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी वैकल्पिक मार्गों को एक सप्ताह के भीतर पूरी तरह व्यवस्थित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और आवागमन निर्बाध रूप से चलता रहे।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूर्ण करें। बैठक में एडीए उपाध्यक्ष, एडीएम प्रशासन, एडीएम वित्त एवं राजस्व, डीएफओ, अपर नगर आयुक्त, एडीए मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

