फतेहाबाद। दिल्ली से एक शव लेकर बिहार जा रही तेज रफ्तार एंबुलेंस मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि शव को दूसरी एंबुलेंस से परिजनों के साथ रवाना कर दिया गया।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से शव लेकर बिहार जा रही एंबुलेंस थाना फतेहाबाद क्षेत्र में पुलिया से टकरा गई, जिससे चालक सहित पांच लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार एंबुलेंस चालक मनोज पुत्र जयवीर निवासी धतूरी, थाना सलेमपुर, जिला बुलंदशहर वाहन चला रहा था। एंबुलेंस में अनिल देवी पत्नी विमलकांत, उनका बेटा अनंत झा, गोविंद झा पुत्र अंकुर झा, मुकेश कुमार पुत्र हरिश्चंद तथा सुधांशु सवार थे। परिजन विमलकांत के शव को दिल्ली से दरभंगा, बिहार लेकर जा रहे थे।

मंगलवार सुबह करीब सवा पांच बजे एंबुलेंस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 21.100 पर पहुंची। इसी दौरान तेज गति होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एंबुलेंस मध्य में बनी पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर परिजनों के साथ उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी लोगों का उपचार कराया गया है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण एंबुलेंस की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

