फतेहाबाद। फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली में आग लगने की घटना में तीन झोपड़ियां जल गईं, जिससे नौ पशुओं की मौत हो गई और भारी मात्रा में भूसा व गेहूं जलकर राख हो गया। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली निवासी कामता प्रसाद पुत्र देवलाल ने बताया कि रविवार सुबह डीपी में फॉल्ट होने से निकली विद्युत चिंगारी से कूड़े में आग लग गई। इसके बाद आग पास में बनी पशुओं की झोपड़ी तक पहुंच गई। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और पशु भी उसकी चपेट में आने लगे।

ग्रामीणों ने पशुओं को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि पास में बनी कामता प्रसाद के भाई की पशुओं वाली झोपड़ी भी उसकी चपेट में आ गई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना में चंद्रपाल की तीन भैंस, दो बकरी, दो बकरा, एक गाय तथा कामता प्रसाद की एक गाय की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा करीब 40 क्विंटल भूसा और 50 क्विंटल गेहूं भी जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद किसान परिवार में कोहराम मच गया।
पीड़ित किसान ने बताया कि सभी पशु जलकर नष्ट हो गए हैं और खाने के लिए अनाज भी नहीं बचा है। किसान के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार फतेहाबाद बबलेश कुमार तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तहसीलदार बबलेश कुमार ने बताया कि लोगों द्वारा डीपी में फॉल्ट होने से निकली विद्युत चिंगारी से तीन झोपड़ियों में आग लगने की जानकारी दी गई है, जिससे नौ पशुओं की जलकर मौत हो गई। सभी पशुओं का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा किसानों को जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्युत उपखंड अधिकारी फतेहाबाद गौरव राजपूत ने बताया कि रविवार को ग्राम रिहावली में झोपड़ी में आग लगने की दुःखद घटना हुई, जिसमें कुछ पशुओं की मृत्यु होने की सूचना मिली है। घटना के संबंध में कुछ ग्रामीणों ने विद्युत लाइन या खंभे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। हालांकि विभागीय तकनीकी टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया, जिसमें विद्युत लाइन में किसी प्रकार का फॉल्ट, तार टूटने अथवा शॉर्ट सर्किट के कोई प्रमाण नहीं मिले। विद्युत खंभा और लाइन सामान्य स्थिति में पाए गए हैं। उनके अनुसार झोपड़ी में आग अज्ञात कारणों से लगी है।

