फतेहाबाद। फतेहाबाद में थाना डौकी पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर बाइक सवार से दिनदहाड़े लूट की घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान, पांच मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा अवैध हथियार बरामद किए हैं, जबकि उनका एक साथी फरार बताया गया है।
थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा ने बताया कि 21 मई को दोपहर करीब 2:30 बजे प्रशांत दीक्षित पुत्र गिर्राज दीक्षित निवासी नगला बिंदु थाना डौकी ने अपने साथ हुई घटना को लेकर तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि वह फतेहाबाद से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नगला देवहंस के पास तीन बाइक सवार लोगों ने उनकी बाइक में लात मारकर उन्हें गिरा दिया और उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में 420 रुपये, मोबाइल फोन, दवा और लेजर डायरी रखी हुई थी। घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाजिदपुर अंडरपास के पास कुछ लोग मोबाइल बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने सर्विलांस सेल की टीम के साथ घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम अजय पुत्र भगवानदास निवासी चाचीपुरा थाना फतेहाबाद तथा छेदीलाल उर्फ बीके पुत्र रामलाल निवासी उझावली थाना फतेहाबाद बताए। वहीं फरार साथी का नाम सूरज पुत्र नाहर सिंह निवासी उझावली बताया गया।
पूछताछ के दौरान अजय ने बताया कि वह अपने साथी सूरज के साथ लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। 21 मई को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर नगला देवहंस के पास अजय, छेदीलाल और सूरज ने मिलकर एक बाइक सवार से बैग छीना था। बैग में रखे कुछ पैसे उन्होंने आपस में बांट लिए थे, जबकि अन्य सामान बैग में ही रखा हुआ था। मोबाइल उनके साथी सूरज के पास है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप बैग, एक लेजर बुक, एक कैटलॉग, 280 रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, जो फिरोजाबाद क्षेत्र की विभिन्न जगहों से लूटे गए बताए गए हैं, तथा एक 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, प्रभारी सर्विलांस सेल सचिन तोमर, उपनिरीक्षक अरविंद पिलानिया, सौरभ कुमार, अनुज नागर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

