फतेहाबाद। फतेहाबाद में निबोहरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खेतों पर बनी ट्यूबेल की कोठरी का ताला तोड़कर झटका मशीन और केबिल चोरी करने की घटना में शामिल बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से तांबे का तार, झटका मशीन और एल्यूमिनियम का तार बरामद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि 22 अप्रैल को रामकुमार पुत्र सोमनाथ निवासी सलेमपुर मुड़िया थाना निबोहरा ने तहरीर देकर बताया था कि शाम करीब 7 बजे जब वह अपने खेत पर लगे ट्यूबेल पर पहुंचे तो देखा कि अज्ञात लोगों ने ट्यूबेल कोठरी का ताला तोड़कर वहां से झटका मशीन और केबिल चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
शनिवार रात करीब 8:30 बजे चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामगढ़ के पास से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रामसनेही, छविराम पुत्र महावीर निवासी धरियाई थाना निबोहरा तथा सुभाष पुत्र राजवीर निवासी रामनगर थाना लाइनपार, फिरोजाबाद बताए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.7 किलोग्राम तांबे का तार, एक झटका मशीन और 21 मीटर लंबा एल्यूमिनियम तार बरामद किया। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, बादल चौहान और विजय कपाड़िया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

