सार
भीषण गर्मी और हीट वेव की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों में पहले से ग्रीष्मकालीन अवकाश लागू है, जबकि अब सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में भी 21 मई से अगले एक सप्ताह तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आगरा। मौसम में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू जैसी परिस्थितियों के बीच बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन को लेकर यह निर्णय लिया गया है। पिछले कुछ दिनों से दिन के समय तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से जारी अवकाश व्यवस्था के अनुसार राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों और परिषदीय विद्यालयों में 20 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश प्रभावी हो चुका है। इसके चलते इन विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मौसम विज्ञान विभाग ने हीट वेव, अत्यधिक तापमान और प्रतिकूल मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अन्य बोर्डों के विद्यालयों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है। आदेश के अनुसार आईसीएसई, सीबीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में आगामी एक सप्ताह तक अवकाश रहेगा। विद्यालय प्रबंधन को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी भी की जाएगी। यदि किसी विद्यालय में निर्देशों के बावजूद कक्षाएं संचालित होती मिलीं तो संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित संस्था के संचालक और अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। जिला प्रशासन का मानना है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान बच्चों को अनावश्यक जोखिम से बचाना जरूरी है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
