फतेहाबाद। फतेहाबाद तहसील में तैनात वेंडर की लगातार मिल रही शिकायतों और ड्यूटी में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम स्वाति शर्मा ने सख्त कदम उठाया है। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान वेंडर के काउंटर से अनुपस्थित मिलने के बाद उसके स्थान पर दूसरे कुशल वेंडर की तैनाती की मांग की गई है।
तहसील फतेहाबाद में तैनात वेंडर राजेंद्र सिंह तोमर की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार शिकायतें सामने आने के बाद उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आगरा को पत्र भेजकर दूसरे वेंडर की तैनाती की मांग की गई है।
शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान दोपहर 12 बजे तक वेंडर अपने काउंटर से अनुपस्थित मिला। जांच में यह भी सामने आया कि वेंडर केवल समाधान दिवस के दौरान ही कभी-कभार तहसील में दिखाई देता है, जबकि अन्य दिनों में उसकी उपस्थिति नहीं रहती।
वेंडर की इस लापरवाही के कारण शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को समय पर पोर्टल पर दर्ज करने और उनके निस्तारण में दिक्कतें आ रही हैं। इसका असर तहसील और जनपद की रैंकिंग पर भी पड़ रहा है।
मामले को गंभीर मानते हुए वेंडर राजेंद्र सिंह तोमर के स्थान पर किसी अन्य योग्य वेंडर की तैनाती की मांग की गई है, ताकि फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद तहसील के कर्मचारियों में भी हलचल मची हुई है।
