आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर आगरा मेट्रो परियोजना से जुड़े प्रमुख मार्गों पर सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति और बैरिकेडिंग हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। एमजी रोड सहित कई व्यस्त इलाकों में सड़क मरम्मत और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिल सके।

जनपद में आमजन को बेहतर, सुरक्षित और बाधारहित यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर आगरा मेट्रो निर्माण परियोजना से जुड़े क्षेत्रों में सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने का अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन की सख्ती के बाद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कई प्रमुख मार्गों पर युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है।

जिलाधिकारी ने हाल ही में मेट्रो अधिकारियों को तलब कर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की थी। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जहां भी बैरिकेडिंग के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां तेजी से कार्य पूरा करते हुए सड़क निर्माण कराया जाए और लोगों को राहत दी जाए। इन निर्देशों के बाद मेट्रो टीम ने कई इलाकों में तेजी से काम शुरू कर दिया है।

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन द्वारा आगरा मेट्रो परियोजना के दूसरे कॉरिडोर में उन स्थानों से बैरिकेडिंग हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जहां यू-गर्डर रखे जा चुके हैं या पिलर निर्माण का काम पूरा हो गया है। इसके साथ ही कई स्थानों पर सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य भी कराया जा रहा है। मॉल रोड के बड़े हिस्से से बैरिकेडिंग हटने के बाद अब वहां यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु दिखाई देने लगा है।

मेट्रो टीम द्वारा कैंट क्षेत्र में सुल्तानपुरा, सदर बाजार मेट्रो स्टेशन के आसपास, प्रतापपुरा से कलेक्ट्रेट परिसर के बीच विभिन्न स्थानों, सुभाष पार्क, धाकरान चौराहा, कलेक्ट्रेट, आगरा कॉलेज के आसपास, नगर निगम कार्यालय के सामने और मॉल रोड पर सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा रकाबगंज डिवीजन में पिलर संख्या 112 से 114 तक पैच वर्क पूरा हो गया है। वहीं महात्मा गांधी रोड पर पिलर संख्या 134 से 136 और पिलर संख्या 149 के पास होटल मोती पैलेस क्षेत्र में सड़क निर्माण और पैच कार्य तेजी से जारी है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सर्वाधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखा गया है। इसी क्रम में रावली मंदिर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य पूरा कर मार्ग को गड्ढा मुक्त कर दिया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। वहीं कलेक्ट्रेट मोड़ पर सड़क मरम्मत कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है।

प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जहां भी बैरिकेडिंग अनावश्यक रूप से यातायात बाधित कर रही है, वहां तत्काल कार्रवाई कर उसे हटाया जाए और मार्ग को सुचारु बनाया जाए।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि आमजन को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सड़क निर्माण, गड्ढा मुक्ति और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि आगरा मेट्रो टीम द्वारा पहले से ही एमजी रोड पर बैरिकेडिंग के अंदर सड़क निर्माण का कार्य सिविल कार्यों के साथ शुरू कर दिया गया था, ताकि बैरिकेडिंग हटने के बाद लोगों को जल्द बेहतर सड़क और सुगम यातायात मिल सके। प्रशासन और मेट्रो टीम के इन प्रयासों से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी। बेहतर सड़कें और फुटपाथ लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देंगे।
