आगरा।आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 40वीं बोर्ड बैठक शुक्रवार को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर में चल रही विभिन्न स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और पूर्व की 39वीं बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर भी चर्चा की गई। बैठक में शहर के ट्रैफिक सिस्टम, आईटी आधारित सेवाओं और नई विकास परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक में अवगत कराया गया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्थापित किए गए 63 एटीसीएस (Adaptive Traffic Control System) जंक्शनों में से 15 जंक्शन वर्तमान में प्रभावित हैं और कार्य नहीं कर रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि इन जंक्शनों को शीघ्र ठीक कराने के लिए आवश्यक धनराशि की मांग शासन से की जाए तथा सभी जंक्शनों को पूर्ण रूप से एटीसीएस मोड में संचालित किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
इसके साथ ही बताया गया कि शहर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण कई आईटीएमएस (Integrated Traffic Management System) जंक्शन प्रभावित हुए हैं। इससे स्मार्ट सीसीटीवी कैमरों द्वारा ट्रैफिक उल्लंघन की निगरानी और चालान प्रक्रिया पर असर पड़ा है। परिणामस्वरूप चालानों की संख्या में कमी और वसूली में गिरावट दर्ज की गई है। इस स्थिति पर गंभीरता दिखाते हुए मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्मार्ट सिटी, ट्रैफिक पुलिस, आरटीओ सहित संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाए और आईटीएमएस से उत्पन्न चालानों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शहर की डिजिटल सेवाओं से जुड़ी मोबाइल एप “मेरा आगरा” की प्रगति पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि वर्तमान में लगभग 31 हजार नागरिक इस एप का उपयोग कर रहे हैं। इस पर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए एप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सेवा से जुड़ सकें और डिजिटल सुविधाओं का लाभ ले सकें।
स्मार्ट सिटी मिशन 2.0 के अंतर्गत 113 करोड़ रुपये की एक महत्वपूर्ण परियोजना को भी बैठक में स्वीकृति की जानकारी दी गई। इस परियोजना के तहत पीपीपी मॉडल पर वेस्ट टू गैस प्लांट की स्थापना की जाएगी। इस प्लांट में पेठा उद्योग से निकलने वाले कचरे और होटल एवं रेस्टोरेंट से उत्पन्न ऑर्गेनिक वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा। इसे पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता और तकनीकी प्रबंधन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का उद्देश्य शहर को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, स्मार्ट सिटी सीईओ संतोष कुमार, आगरा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एम. अरून्मौली, एसीपी इमरान अहमद, सीएस ईशा भारद्वाज, सीएफओ राहुल अग्रवाल, चीफ डेटा ऑफिसर सौरभ अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए ताकि शहर के विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

