आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विवेकानंद परिसर स्थित गृह विज्ञान संस्थान, खंदारी में विद्या मंदिर विद्यालय, बल्केश्वर के कक्षा 11 एवं 12 (कॉमर्स, विज्ञान एवं मानविकी वर्ग) के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशानुसार गृह विज्ञान संस्थान की निदेशिका प्रो. अचला गक्कड़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और रोजगारपरक अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें वास्तविक शैक्षणिक वातावरण का अनुभव कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान गृह विज्ञान संस्थान के विभिन्न विभागों ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों की उपयोगिता, शोध कार्यों और करियर संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। आहार एवं पोषण विभाग में डॉ. रश्मि शर्मा ने विद्यार्थियों को शरीर क्रिया विज्ञान (Physiology) और जैव रसायन (Biochemistry) के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि ये विषय पोषण विज्ञान की आधारशिला हैं। उन्होंने मानव शरीर में पोषक तत्वों की भूमिका, पाचन प्रक्रिया, संतुलित आहार और स्वास्थ्य के महत्व को सरल भाषा में समझाया।
परिवार संसाधन प्रबंधन विभाग में डॉ. प्रीति यादव ने इंटीरियर डिजाइनिंग, संसाधन प्रबंधन और उससे जुड़े रोजगार अवसरों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने प्रसार शिक्षा विभाग के माध्यम से सामुदायिक विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक कार्यों में उपलब्ध संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
आहार एवं पोषण विभाग से डॉ. दीप्ति सिंह और डॉ. प्रिया यादव ने प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी डाइटिशियन, न्यूट्रिशनिस्ट, फूड इंस्पेक्टर, रिसर्चर और स्वास्थ्य सलाहकार के रूप में अपना भविष्य संवार सकते हैं। वहीं डॉ. कविता सिंह ने जैव रसायन के अंतर्गत मानव शरीर में होने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं और पोषक तत्वों के चयापचय को रोचक तरीके से समझाया।
मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग में डॉ. नेहा सक्सेना ने विद्यार्थियों को इस विषय की सामाजिक उपयोगिता से अवगत कराते हुए बताया कि इसमें नर्सरी टीचर, स्कूल काउंसलर, विशिष्ट शिक्षक और परामर्श सेवाओं जैसे अनेक रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।
वस्त्र एवं परिधान विभाग में डॉ. अनुपमा गुप्ता ने विद्यार्थियों को फैशन डिजाइनिंग, वस्त्र निर्माण, टेक्सटाइल उद्योग और इससे जुड़े करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय की शिक्षिकाएं अर्चना अग्रवाल, अनीता, पूजा जैन और आरुषि के नेतृत्व में लगभग 180 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विभागों का अवलोकन कर उत्साहपूर्वक जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से संवाद भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को नजदीक से समझा और भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर नई प्रेरणा प्राप्त की। यह भ्रमण न केवल शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी रहा, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुआ।
गृह विज्ञान संस्थान द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ, जिससे उन्हें उच्च शिक्षा और व्यावसायिक क्षेत्रों की वास्तविक समझ प्राप्त हुई।

