आगरा। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल अंतर्गत जौनपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है, जिसका असर आगरा और आसपास से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी देखने को मिलेगा। इस बदलाव से 31 प्रमुख ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें सूरत-छपरा, गोंदिया-बरौनी, लोकमान्य तिलक टर्मिनस रूट की कई ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग और ठहराव की व्यवस्था की है, ताकि यात्रा सुचारू बनी रहे।
रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में जौनपुर स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के कारण ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इस बदलाव का सीधा प्रभाव आगरा मंडल से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों पर भी पड़ेगा। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा।
ट्रेन संख्या 09065 सूरत-छपरा एक्सप्रेस, जो पूर्व में मानिकपुर-विंध्याचल-वाराणसी-जौनपुर-औंड़िहार मार्ग से चलती थी, अब बांसपहाड़, कानपुर सेंट्रल और प्रयागराज होकर संचालित होगी। यह परिवर्तन मई 4, 11, 18 और 25 को लागू रहेगा। इस दौरान प्रयागराज छिवकी और जौनपुर स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह ट्रेन 09066 छपरा-सूरत एक्सप्रेस भी 13, 20 और 27 मई को बदले मार्ग से चलेगी, जिसमें औंड़िहार, वाराणसी सिटी, प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल प्रमुख स्टेशन रहेंगे। जौनपुर और प्रयागराज छिवकी पर ठहराव नहीं होगा।
ट्रेन 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस 13 से 27 मई तक और 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 12 से 26 मई तक परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इसमें वाराणसी, प्रयागराज रामबाग, कानपुर सेंट्रल, मानिकपुर और शंकरगढ़ जैसे स्टेशन शामिल रहेंगे।
ट्रेन 19045 सूरत-थावे एक्सप्रेस मई महीने में कई तारीखों पर बदले मार्ग से चलेगी, जिसमें अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर और प्रयागराज होते हुए संचालन होगा। इसी प्रकार 19046 थावे-सूरत एक्सप्रेस भी 13 से 27 मई के बीच परिवर्तित मार्ग से चलेगी।
बलिया-आनंद विहार (04055) और आनंद विहार-बलिया (04056) एक्सप्रेस भी 13 से 21 मई के बीच परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। इनमें वाराणसी और प्रयागराज रूट प्रमुख रहेगा।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन 11081 और 11082 भी प्रभावित हुई हैं, जिनमें वाराणसी और औंड़िहार मार्ग शामिल रहेगा। इसी तरह वलसाड-मुजफ्फरपुर (19051) और मुजफ्फरपुर-वलसाड (19052) ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
मऊ-आनंद विहार (22539) और आनंद विहार-मऊ (22540) एक्सप्रेस ट्रेनों को भी शाहगंज मार्ग से चलाया जाएगा। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर और छपरा जाने वाली 11055, 11059, 11056 और 11060 ट्रेनों के मार्ग में भी अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ जैसे स्टेशन शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-गाजीपुर सिटी (20941, 20942), आनंद विहार-गाजीपुर सिटी (22433, 22434), लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ (15182), कोटा-पटना (13238), बालुरघाट-बठिंडा (15743, 15744) और इंदौर-पटना (19321) जैसी कई ट्रेनें भी इस बदलाव से प्रभावित हुई हैं।
रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ ट्रेनों को प्रयागराज स्टेशन पर 2 मिनट का अस्थायी ठहराव दिया गया है ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। यह बदलाव अस्थायी है और कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हो जाएगा।

