फतेहपुर सीकरी (आगरा)। फतेहपुर सीकरी स्मारक क्षेत्र में स्नातक छात्रा के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने सनसनी फैला दी है। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ घंटे के भीतर मुठभेड़ में एक आरोपित को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। आरोपी के पास से तमंचा बरामद हुआ है और वह पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब स्मारक घूमने आई 19 वर्षीय स्नातक छात्रा के साथ गंभीर आपराधिक घटना सामने आई। छात्रा अपने गांव से फतेहपुर सीकरी स्मारक के भ्रमण के लिए आई थी और दोपहर लगभग दो बजे स्मारक परिसर में पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार, स्मारक परिसर के अंदर सुनसान क्षेत्र की झाड़ियों के पास छात्रा लघुशंका के लिए गई थी। इसी दौरान वहां दो युवक पहुंच गए। आरोप है कि दोनों युवकों ने छात्रा का वीडियो बना लिया और जब उसने इसका विरोध किया तो उनमें से एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा युवक निगरानी में खड़ा रहा।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता शाम करीब 4:30 बजे थाने पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया गया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। पीड़िता द्वारा आरोपियों का हुलिया बताया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने कई टीमें गठित कर तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाते हुए रात करीब 12:30 बजे आरोपितों की लोकेशन ट्रेस की। इसी दौरान फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के उंदेरा नहर पुल के पास दो संदिग्ध युवक बाइक से जाते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक युवक के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम फतेहपुर सीकरी क्षेत्र का रहने वाला बताया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उसके खिलाफ वर्ष 2019 में एक हत्या का मामला दर्ज है, जिसमें वह पहले जेल भी जा चुका है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है।
घायल आरोपी को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने स्मारक परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है।

