आगरा। शनिवार से शुरु हुई तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश पुलिस होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह के साथ आगरा कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए अभ्यर्थियों के लिए छाया, शीतल पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और बायोमेट्रिक उपस्थिति की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आगरा में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस में होमगार्ड पदों पर इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार के रविवार और साेमवर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह के साथ आगरा कॉलेज, आगरा सहित जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आगरा कॉलेज के ब्लॉक ए, बी और सी, ह्यूमेन विंग तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, सीटिंग प्लान, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि भर्ती बोर्ड द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन किया जाए और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि दूसरी पाली के अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट या शेड की व्यवस्था की जाए, ताकि धूप और गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध रहनी चाहिए। साथ ही बायोमेट्रिक अटेंडेंस की व्यवस्था छायादार स्थान पर कराई जाए, जिससे अभ्यर्थियों को असुविधा न हो।
अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान जैमर और बायोमेट्रिक उपस्थिति जैसी तकनीकों का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित गतिविधियों को रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गरिमा भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनपद में इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 75,168 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा, ताकि योग्य अभ्यर्थियों का चयन निष्पक्ष रूप से सुनिश्चित हो सके।
————————————————————————————————————
होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर आगरा रोडवेज 25 से 27 अप्रैल तक संचालित करेगा 205 अतिरिक्त बसें
आगरा। शनिवार से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर आईएसबीटी, ईदगाह, बिजलीघर और बाह बस स्टेशनों सहित सभी प्रमुख बस अड्डों पर प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, कैंटीन, प्रकाश व्यवस्था, हेल्पडेस्क और लगातार उद्घोषणा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए 205 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा तथा 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा।

कार्यालय क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 23 अप्रैल को जिलाधिकारी आगरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक आयोजित होमगार्ड परीक्षा के मद्देनजर परीक्षार्थियों और उनके परिजनों के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए।
प्रधान प्रबंधक, निगम मुख्यालय लखनऊ के निर्देशों के क्रम में परिवहन निगम को परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की संभावित संख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन, बस स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्देशों के तहत सभी बस स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार हेल्पडेस्क बनाई जाएगी। यात्री प्रतीक्षालय खुले रहेंगे ताकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को रुकने में परेशानी न हो। पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था, पंखे, बैठने की व्यवस्था, साफ-सुथरे और कार्यरत शौचालय, कैंटीन, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
माइक से लगातार बसों की जानकारी और परीक्षा से संबंधित आवश्यक उद्घोषणा की जाएगी ताकि परीक्षार्थियों को समय पर बसों की उपलब्धता की जानकारी मिलती रहे। चालकों और परिचालकों की पर्याप्त संख्या सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित समयानुसार बसों का नियमित संचालन हो सके और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी तुरंत उपलब्ध कराई जा सकें।
आगरा जनपद से बाहर जाने वाले और बाहर से आगरा आने वाले अभ्यर्थियों के लिए बसों का विशेष आवंटन चार्ट जारी किया गया है। आईएसबीटी बस स्टेशन, आगरा पर संबंधित सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक और स्टेशन प्रभारी बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षार्थियों और उनके परिजनों की सुचारु आवाजाही के लिए श्रीमती शशीरानी, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, फोर्ट आगरा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनका मोबाइल नंबर 8726005029 है। वे सभी बस स्टेशनों पर समुचित व्यवस्था बनाए रखेंगी।
परीक्षा दिवसों में राजेश कुमार यादव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, ताज डिपो आईएसबीटी पर उपस्थित रहकर व्यवस्था संभालेंगे। ईदगाह बस स्टेशन पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ईदगाह डिपो, बिजलीघर बस स्टेशन पर फाउंड्री नगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तथा बाह बस स्टेशन पर बाह डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अपनी उपलब्ध जनशक्ति के साथ तैनात रहेंगे।
आईएसबीटी बस स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल, पंखे, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, कैंटीन और प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी बस स्टेशन प्रबंधक श्रीमती मिथलेश कुमारी को सौंपी गई है। उन्हें सभी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईएसबीटी आगरा पर 25, 26 और 27 अप्रैल को हेल्पडेस्क संचालित होगी। सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक भी कर्मचारियों की तैनाती रहेगी।
आईएसबीटी बस स्टेशन पर पूर्व से तैनात कार्मिकों के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आउटगेट पर भी विशेष रूप से कार्मिक तैनात किए गए हैं, जो उद्घोषणा यंत्र के माध्यम से लगातार बसों की जानकारी देते रहेंगे। पूर्व से तैनात गार्ड भी अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे।
क्षेत्रीय कंट्रोल रूम भी 25 अप्रैल से 27 अप्रैल तक 24 घंटे संचालित रहेगा। इसका नंबर 8726005028 रहेगा। कंट्रोल रूम प्रभारी श्री जगदीश प्रसाद को बनाया गया है। यहां सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए कुल 205 बसों का आवंटन किया गया है। इनमें फिरोजाबाद के लिए 48 बसें, मैनपुरी के लिए 41 बसें, इटावा के लिए 32 बसें, अलीगढ़ के लिए 25 बसें और मथुरा के लिए 65 बसें चलाई जाएंगी।
बसों की व्यवस्था फोर्ट, ईदगाह, ताज, फाउंड्री नगर, बाह और मथुरा डिपो के माध्यम से की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी आईएसबीटी आगरा पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने सभी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों, स्टेशन प्रभारियों, वरिष्ठ केंद्र प्रभारियों और डिपो अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूर्व आवंटन के साथ आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करें और अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को समय-समय पर स्थिति से अवगत कराते रहें।

