- मेवली कलां में मिनी स्टेडियम हेतु आरक्षित भूमि पर कब्जे की शिकायत
- अवैध मिट्टी खनन और बोर्ड हटाने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
- सैकड़ों ग्रामीण तहसील पहुंचे, कार्रवाई की मांग
फतेहाबाद। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम मेवली कलां में मिनी स्टेडियम के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जे और मिट्टी खनन को लेकर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत मेवली कलां के खाता संख्या 00965, गाटा संख्या 911 की कुल 1.1430 हेक्टेयर भूमि को सरकार द्वारा विधिवत मिनी स्टेडियम के लिए आरक्षित किया गया था। इस भूमि पर पहले शासन की ओर से बोर्ड भी लगाया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता था कि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग और खेल सुविधाओं के लिए निर्धारित है।
ग्रामीणों के अनुसार यह भूमि ग्राम नगला बेहड़ के समीप नगरिया-धारू-नेतपुरा मार्ग के किनारे स्थित है, जो क्षेत्रीय युवाओं और सार्वजनिक उपयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। लेकिन आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा इस आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा किया जा रहा है और वहां से मिट्टी का अवैध खनन भी लगातार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने मौके पर लगे सरकारी बोर्ड को उखाड़कर फेंक दिया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से गतिविधियां की जा रही हैं। इससे क्षेत्र में नाराजगी और आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि आरक्षित भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे और खनन को तत्काल प्रभाव से रोका जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भूमि को उसके मूल उद्देश्य यानी मिनी स्टेडियम निर्माण के लिए सुरक्षित किया जाए।
ज्ञापन देने वालों में श्यामवीर सिंह चाहर, कुमरसेन, नत्थू सिंह धाकरे, रामेश्वर तोमर, पातीराम, अमर सिंह, अजब सिंह, चौबसिंह पूर्व प्रधान, अरुण कुमार, तुलाराम, महेंद्र सिंह, अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

