• Tue. Apr 21st, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संभाला कार्यभार, गिनाईं प्राथमिकताएं

Newly appointed Agra District Magistrate Manish Bansal takes charge at Collectorate inspects offices and holds review meeting with officialsजिलाधिकारी मनीष बंसल ने कार्यभार संभालकर निरीक्षण किया।
Spread the love

आगरा: आगरा जनपद को मंगलवार को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिला जब नवागत जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार में विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागीय कार्यालयों की स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने आईजीआरएस शिकायतों के त्वरित समाधान, विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और जनता से सीधे संवाद को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

कलक्ट्रेट में कार्यभार संभालते नवागत डीएम मनीष बंसल

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ट्रेजरी, डबल लॉकर, चकबंदी विभाग, नजारत अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार (माल) और रिकॉर्ड रूम सहित विभिन्न कार्यालयों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने फरियादियों के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील और ब्लॉक स्तर पर प्राप्त सभी शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट का विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करें, जिससे विभागवार समीक्षा की जा सके और कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि विकास परियोजनाओं में यदि किसी प्रकार की समस्या या बाधा आ रही है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए और उसका समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी फाइलों का स्वयं अध्ययन कर ही अग्रेषण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने समय-समय पर अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण और क्षेत्र भ्रमण करने पर भी जोर दिया, ताकि जमीनी हकीकत का सही आकलन किया जा सके।

आईजीआरएस प्रणाली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अध्ययन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी विभागीय समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहेंगे, इसलिए किसी प्रकार का संचार अंतर नहीं रहना चाहिए।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने सीएमओ, सीएमएस, एसएन मेडिकल कॉलेज तथा सभी सीएचसी और पीएचसी को गर्मी के मौसम के दृष्टिगत विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम और जलकल विभाग को पर्याप्त जलापूर्ति एवं साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने के आदेश दिए गए। वहीं, अत्यधिक गर्मी को देखते हुए स्कूलों में समय परिवर्तन नियमों के अनुसार करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बैठक में यह भी कहा कि आगरा एक अंतरराष्ट्रीय और हेरिटेज शहर है, जहां विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। सभी अधिकारी पूर्ण प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जिले के समग्र विकास में योगदान दें। उन्होंने नवाचार को बढ़ावा देने, नियमित समीक्षा बैठकें करने और प्रत्येक बैठक के मिनट्स तैयार करने के भी निर्देश दिए।

बैठक के अंत में उन्होंने कहा कि शासन की सभी लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से आमजन तक पहुंचे, यही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। नवागत जिलाधिकारी के इस सख्त और सक्रिय रुख से प्रशासनिक हलकों में कार्यशैली में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *