• डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्रों ने डॉ. अंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन पर बनाई आकर्षक रंगोली
• आरबीएस किड्स पैराडाइस स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने की मेट्रो राइड, जाना धरोहर स्थलों से मेट्रो कनेक्टिविटी का महत्व
• बच्चों और छात्रों ने मिलकर स्वच्छता, धरोहर संरक्षण और जागरूकता का लिया सामूहिक संकल्प
आगरा: विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर आगरा मेट्रो द्वारा शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आगरा की गौरवशाली ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का मजबूत संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के छात्रों ने डॉ. अंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन पर आकर्षक और मनमोहक रंगोली बनाई। रंगोली के माध्यम से उन्होंने विश्व धरोहर दिवस का संदेश देते हुए आगरा की ऐतिहासिक इमारतों, स्मारकों और सांस्कृतिक धरोहरों को सुरक्षित रखने की अपील की।

छात्रों द्वारा बनाई गई रंगोली ने न केवल स्टेशन की सुंदरता बढ़ाई, बल्कि यात्रियों और आम नागरिकों को भी धरोहर संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर छात्रों ने कहा कि हमारी धरोहरें हमारी पहचान हैं, जिन्हें सुरक्षित रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
वहीं दूसरी ओर आरबीएस किड्स पैराडाइस स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आगरा मेट्रो में यात्रा का आनंद लिया। बच्चों ने उत्साह के साथ मेट्रो राइड की और इस दौरान उन्हें मेट्रो रूट तथा उससे जुड़े विश्व धरोहर स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने जाना कि किस प्रकार आगरा मेट्रो शहर के ऐतिहासिक स्थलों को आधुनिक परिवहन प्रणाली से जोड़ रही है, जिससे पर्यटन और यातायात दोनों को लाभ मिल रहा है।

मेट्रो यात्रा के दौरान बच्चों ने बड़े उत्साह से धरोहर स्थलों और मेट्रो के बीच संबंध को समझा तथा अपने शिक्षकों और अधिकारियों से कई प्रश्न भी पूछे। बच्चों की जिज्ञासा और उत्साह ने पूरे वातावरण को और अधिक जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और छात्रों ने मिलकर सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने शहर आगरा, इसकी ऐतिहासिक धरोहरों, मेट्रो परिसरों तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी प्रण लिया कि वे अन्य लोगों को भी स्वच्छता और धरोहर संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे।
आगरा मेट्रो द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में स्वच्छता, जागरूकता, संस्कृति और विरासत संरक्षण का संदेश प्रभावशाली रूप से दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

