1 तालाब सफाई को लेकर लगाए गए आरोपों को प्रशासन ने बताया निराधार
2 जल निकासी और पैमाइस की प्रक्रिया पहले से जारी, पम्प सेट से कार्य जारी
3 मृतक की मृत्यु अस्पताल में हुई, धरना स्थल से जोड़ना गलत बताया गया
आगरा। ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास में मृतक मिठ्ठन लाल को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित आरोपों विशेषकर प्रशासन द्वारा तालाब की सफाई न कराने और शिकायतों की अनदेखी करने को जिला पंचायत राज अधिकारी ने पूरी तरह निराधार बताया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तालाब की सफाई, जल निकासी और जीर्णोद्धार के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी, ग्रामीणों से संवाद हुआ, तालाब की पैमाइस कराई गई और पम्प सेट के माध्यम से जल निकासी भी की जा रही है। वहीं मृतक की मृत्यु अस्पताल में इलाज के दौरान होने की बात भी स्पष्ट की गई है, जिसे धरना स्थल से जोड़ना उचित नहीं है।
ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास में मृतक मिठ्ठन लाल के प्रकरण को लेकर विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित उन तथ्यों, जिनमें यह कहा गया था कि प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया और बार-बार शिकायतों के बावजूद तालाब की सफाई नहीं कराई गई, को जिला पंचायत राज अधिकारी ने पूर्णतः निराधार एवं तथ्यहीन बताया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विकास खण्ड अछनेरा के संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा खण्ड विकास अधिकारी द्वारा लगातार ग्रामीणों से वार्ता की गई है। इसके साथ ही तहसील किरावली प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर तालाब की पैमाइस भी कराई गई और समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले को लेकर गंभीरता से सभी पहलुओं पर काम किया गया है।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार ग्राम सचिव द्वारा जल निकासी की व्यवस्था के लिए मौके पर पम्प सेट भी लगवाया गया है, जिसके माध्यम से समय-समय पर जल निकासी का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास में तालाब की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार आगामी 15 से 20 दिनों के भीतर तालाब की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने यह भी बताया कि जिस तालाब को लेकर विवाद और आरोप लगाए जा रहे हैं, उसके चारों ओर घनी आबादी बसी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कूड़ा-कचरा लगातार तालाब में डाला जाता है, जिससे स्थिति प्रभावित होती है। इसके अलावा तालाब में जलकुंभी की समस्या भी पाई गई है, जिसके स्थायी निराकरण के लिए जिला कृषि अधिकारी आगरा द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वर्गीय मिठ्ठन लाल ग्राम पंचायत रायभा के मजरा नगला लालदास के निवासी थे और ग्रामीणों के अनुसार उनकी आयु लगभग 80 से 85 वर्ष थी। वे पिछले लगभग एक सप्ताह से आगरा के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां उपचार के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई। प्रशासन ने कहा कि इस घटना को धरना स्थल या तालाब विवाद से जोड़कर देखना उचित नहीं है।
प्रशासन का कहना है कि समाचार पत्रों में प्रकाशित कुछ तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है। वास्तविकता यह है कि संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की गई और समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी और सभी आवश्यक विकास एवं सफाई कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे। ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि तालाब की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जा सके।

