सार
फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रताप नगर–मऊ साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार के तहत फतेहाबाद और बाह में ट्रेनों के ठहराव, समर स्पेशल ट्रेन के रूट संशोधन, आगरा–दिल्ली इंटरसिटी को बाह से चलाने की मांग तथा बटेश्वर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर 33 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन निर्माण की बड़ी घोषणा की गई।

फतेहाबाद। सोमवार को फतेहाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रताप नगर–मऊ साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगरा की ओर रवाना किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया गया कि संसद में चर्चा के दौरान आगरा से टूंडला और इटावा होकर गुजरने वाली ट्रेनों के फतेहाबाद और बाह में ठहराव का प्रस्ताव रखा गया था। इसी के बाद रेल मंत्रालय ने प्रताप नगर–मऊ साप्ताहिक ट्रेन के फतेहाबाद और बाह में ठहराव को मंजूरी दी है। यह व्यवस्था फिलहाल ट्रायल बेस पर लागू की गई है और यदि यात्रियों की संख्या अधिक रही तो इसे नियमित संचालन में बदला जाएगा।

इस ट्रेन के संचालन कार्यक्रम के अनुसार यह प्रताप नगर–बड़ौदा से चलकर आगरा कैंट पर सुबह 4 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद फतेहाबाद में 4 बजकर 45 मिनट पर और बाह में 6 बजकर 20 मिनट पर इसका ठहराव होगा। यह ट्रेन प्रयागराज और वाराणसी होते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी।
सांसद द्वारा यह भी बताया गया कि अन्य ट्रेनों के ठहराव को लेकर रेल मंत्री से वार्ता की गई है। आगरा से दिल्ली चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन को बाह से संचालित करने के लिए भी रेल मंत्री को पत्र लिखा जाएगा, जिससे बाह, फतेहाबाद और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग दिल्ली में कार्यरत हैं और यदि ट्रेन सुविधा सीधे क्षेत्र से मिलेगी तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि बटेश्वर, जो पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का पैतृक गांव है, वहां 33 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। पहले यहां रेलवे हॉल्ट था, जिसे अब पूर्ण स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह भी बताया गया कि बटेश्वर रेलवे स्टेशन को अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय धार्मिक पर्यटन और यात्री सुविधाओं को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा समर स्पेशल ट्रेन संख्या 09195 (वडोदरा–प्रतापनगर–मऊ) के रूट में भी संशोधन किया गया है। अब यह ट्रेन फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर होते हुए इटावा तक संचालित की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
अप रूट के अनुसार यह ट्रेन प्रतापनगर से चलकर फतेहाबाद में सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर पहुंचेगी और 5 बजकर 47 मिनट पर रवाना होगी। इसके बाद बाह स्टेशन पर सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी और 6 बजकर 22 मिनट पर प्रस्थान करेगी। वहीं डाउन रूट में यह ट्रेन बाह स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेगी और 12 बजकर 17 मिनट पर रवाना होगी, जबकि फतेहाबाद स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर पहुंचकर 12 बजकर 50 मिनट पर प्रस्थान करेगी।
इस पूरी पहल से खेरागढ़, आगरा ग्रामीण, फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल यात्रा सुविधा बेहतर होगी बल्कि धार्मिक स्थल बटेश्वर तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, पूर्व विधायक मधुसूदन शर्मा, प्रदीप भाटी, देवेंद्र प्रसाद शर्मा ‘मुन्ना लम्बरदार’ (सांसद प्रतिनिधि), सोनू शर्मा, डीआरएम आगरा गगन, कृष्णपाल सिंह, रणजीत सिंह, सोनू चौधरी, शैलू जादौन, बीपी प्रधान, शिवकुमार शर्मा प्रधान, परमवीर चाहर, मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान, अंकित गुप्ता, नितिन गुप्ता पंछी, अवकेश गोलस, संकेत सिंह, सत्येंद्र यादव, सचिन गोयल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दीनदयाल चौक पर प्रतिमा स्थापना की मांग, सांसद को सौंपा ज्ञापन
फतेहाबाद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापना को लेकर परशुराम शोभायात्रा समिति ने सांसद राजकुमार चाहर को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग उठाई है। फतेहाबाद कस्बे के बाह रोड तिराहा स्थित दीनदयाल चौक पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। सोमवार को परशुराम शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा के नेतृत्व में समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय सांसद राजकुमार चाहर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि बाह रोड तिराहे का नामकरण काफी समय पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर किया जा चुका है, लेकिन अब तक वहां उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं हो पाई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में लंबे समय से असंतोष बना हुआ है।
समिति अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा ने कहा कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए चौक पर भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जानी चाहिए, ताकि क्षेत्र के युवा उनके व्यक्तित्व और विचारों से प्रेरणा ले सकें। इस पर सांसद राजकुमार चाहर ने समिति को आश्वस्त किया कि वे इस विषय में संबंधित अधिकारियों से वार्ता करेंगे और प्रतिमा स्थापना के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान सुरेंद्र शर्मा, सुभाष समाधिया, इंद्रजीत मुखिया, गौरव शर्मा, गोपाल कृष्ण पाराशर, योगेश शर्मा, रामनिवास शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

