आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के पश्चिमपुरी इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए हैं। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा पश्चिमपुरी स्थित परी रेस्टोरेंट के सामने हुआ। जगदीशपुरा के किशोरपुरा निवासी कपिल शर्मा (42) प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में कार्यरत थे। बृहस्पतिवार रात वह देर से कार्यालय बंद कर लगभग एक बजे बाहर निकले थे। ऑटो न मिलने के कारण वह पैदल कारगिल चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कपिल हवा में उछलकर सड़क पर गिरे और करीब 15 फीट से अधिक दूर तक घिसटते हुए एक खड़ी कार से जा टकराए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में कपिल शर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी, 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा है। परिवार का कहना है कि कपिल ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोस्तों ने बताया कि अब परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी के आधार पर चालक की तलाश
घटना के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। थाना सिकंदरा पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज व वाहन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर रहा है, जहां एक पल की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।

