आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग आगरा द्वारा सूरसदन में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित एक कार्यक्रम में जनपद के 451 विद्यालयों को निपुण विद्यालय घोषित किया गया और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा किए गए असेसमेंट के आधार पर इन विद्यालयों का चयन किया गया, जिसके बाद उन्हें यह उपलब्धि प्रदान की गई। कार्यक्रम में शिक्षकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक खेरागढ़ भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि शिक्षक बच्चों की शिक्षा की मजबूत नींव रखते हैं और देश के भविष्य को आकार देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निपुण विद्यालय घोषित होने पर सभी शिक्षकों और विद्यालयों को बधाई दी तथा उनके प्रयासों की सराहना की। विकास क्षेत्र खंदौली के ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा ने भी अपने उद्बोधन में शिक्षकों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 451 विद्यालयों को निपुण घोषित किया गया है। इसके साथ ही मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विकास क्षेत्र से तीन सुगमकर्ता शिक्षिकाओं और एक ब्लॉक नोडल सहित कुल चार शिक्षकों को शामिल करते हुए जनपद के विभिन्न विकास क्षेत्रों से 64 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा बच्चों को बुनियादी दक्षताओं में सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम में निपुण विद्यालय घोषित होने पर शिक्षकों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय और शिक्षिका किरन यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता कल्पना सिन्हा, जिला समन्वयक कुलदीप तिवारी, तेजस्वी सचवानी, राजेश कुमार यादव, निपुण सेल से आयुष प्रभात, एसआरजी अनुराग शर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों और शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
