आगरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा पी. राज मोहन के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा टिकट दलाली के विरुद्ध विशेष अभियान “मिशन उपलब्ध” निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम यात्रियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से टिकट उपलब्ध कराना तथा अवैध टिकट कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाना है।
अभियान के तहत आगरा मंडल के विभिन्न स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच और निगरानी की गई। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक आरपीएफ ने 15 टिकट दलालों (टाउट्स) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 38 भविष्य की यात्रा के टिकट, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1,22,515/- थी, और 1 पूर्व यात्रा का टिकट, जिसकी कीमत 3,680/- थी, जब्त किए गए। बरामद किए गए टिकट अनधिकृत रूप से यात्रियों को अधिक मूल्य पर बेचने के उद्देश्य से रखे गए थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के विरुद्ध रेल अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि रेलवे परिसर और टिकटिंग प्रणाली के दुरुपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। आगरा मंडल भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक व्यापक और प्रभावी रूप से चलाकर यात्रियों को सुरक्षित, पारदर्शी और सुगम रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें और किसी भी प्रकार की दलाली या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या रेल सहायता हेल्पलाइन पर दें।

