फेस्टिव सेफ्टी किट में जरूरी हेल्थ और मेडिकल आइटम रखें
चोट, एलर्जी और स्किन इरिटेशन से तुरंत राहत पाएं
हर होली से पहले किट चेक करें और एक्सपायरी दवाइयां हटा दें
आगरा ब्यूरो। होली का त्योहार मस्ती, रंग और खुशियों का प्रतीक है। लोग अपनों के साथ मिलकर गुलाल और रंगों के साथ खेलते हैं, लेकिन इस दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर परेशानियों का कारण बन सकती है। रंगों से एलर्जी, फिसलने से चोट, मौसम बदलाव के कारण अचानक तबीयत खराब होना जैसी स्थितियां उत्सव का मजा खराब कर सकती हैं। इन जोखिमों से बचने और तुरंत मदद पाने के लिए फेस्टिव सेफ्टी किट बनाना बेहद जरूरी है।
फेस्टिव सेफ्टी किट एक छोटी, लेकिन बेहद काम की तैयारी है, जिसमें चोट, एलर्जी, स्किन, आंख और हाइड्रेशन से जुड़े जरूरी आइटम रखे जाते हैं। इसे तैयार करने से कोई भी हेल्थ इमरजेंसी जल्दी संभाली जा सकती है।
फर्स्ट एड और हेल्थ किट:
बैंड-एड, एंटीसेप्टिक लिक्विड, पेन रिलीवर स्प्रे/जेल और डिजिटल थर्मामीटर (200–500 रुपए)। चोट लगने पर एंटीसेप्टिक लगाकर बैंड-एड इस्तेमाल करें। दर्द होने पर स्प्रे या जेल लगाएं और बुखार होने पर थर्मामीटर से तापमान मापें। इससे हल्की चोट और दर्द में तुरंत राहत मिलती है और इंफेक्शन से बचाव होता है।
आई केयर:
ल्युब्रिकेटिंग आई ड्रॉप (100–300 रुपए) आंखों में जलन या ड्राईनेस होने पर 1-2 बूंद डालें। रंग, धूल और धुएं से होने वाली आंखों की जलन में राहत मिलती है।
एलर्जी से बचाव:
एंटी-एलर्जिक दवाएं (50–200 रुपए)। खुजली, छींक या एलर्जी रिएक्शन होने पर डॉक्टर की सलाह से लें। ये रंगों और धूल से होने वाली एलर्जी को कंट्रोल करती हैं।
स्किन केयर:
कोकोनट ऑयल और एंटी-फंगल पाउडर/क्रीम (50–150 रुपए)। स्किन ड्राई या इरिटेशन होने पर नारियल तेल लगाएं। फंगल इंफेक्शन में डॉक्टर से पूछकर क्रीम/पाउडर लगाएं। यह स्किन को सुरक्षित रखता है और रैशेज व इंफेक्शन से बचाता है।
हाइड्रेशन किट:
ORS पैकेट (50–100 रुपए)। कमजोरी या डिहाइड्रेशन महसूस होने पर पानी में घोलकर पिएं। इससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बना रहता है।
क्लीनअप एसेंशियल:
माइक्रोफाइबर टॉवल (50–150 रुपए)। रंग हटाने या चेहरा/हाथ सुखाने के लिए इस्तेमाल करें। स्किन पर कम रगड़ पड़ती है और सफाई आसान होती है।
इमरजेंसी कॉन्टैक्ट:
जरूरी नंबरों की लिस्ट हमेशा साथ रखें। किसी भी इमरजेंसी में समय बचता है और जल्दी मदद मिलती है।
कैसे तैयार करें फेस्टिव सेफ्टी किट:
पहले आइटम्स की लिस्ट बनाकर मेडिकल स्टोर से खरीदारी करें। हर आइटम को चेकलिस्ट में क्रॉस-चेक करें। बच्चों और बुजुर्गों की दवाइयों को अलग नोट करें। किट ऐसी जगह रखें, जहां सभी की पहुंच हो, जैसे लिविंग रूम का शेल्फ। हर त्योहार से पहले किट चेक करें और एक्सपायरी डेट वाली दवाइयां हटा दें।
