• Sun. Mar 1st, 2026

Today News Track

India #1 News Platform

Fatehabad News : बमरौली कटारा पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, कई चोरियों का खुलासा और अवैध हथियार बरामद

Bamoroli Katara Police arrest accused Deendayal with stolen jewelry, cash, motorcycle and illegal 12 bore weapon in Fatehabadचोरी के सामान सहित पुलिस की गिरफ्त में कर
Spread the love

फतेहाबाद। बमरौली कटारा पुलिस ने शातिर चोर को दबोचते हुए क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी के जेवरात, 6,000 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा एक अवैध 12 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि नवम्बर 2025 में ग्राम पवावली, 24 फरवरी 2026 को ग्राम सीताराम की मढैया तथा ग्राम बिझामाई में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसीपी फतेहाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। शुक्रवार को थानाध्यक्ष हरीश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर नवांमील चौराहे से दीनदयाल पुत्र सत्यभान निवासी कछपुरा, थाना डौकी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के पास से 6,000 रुपये नकदी, चांदी के आभूषण, एक अवैध 12 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में दीनदयाल ने कई वारदातों का खुलासा किया। उसने बताया कि नवम्बर 2025 में ग्राम पवावली में एक घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए थे, जिन्हें 35,000 रुपये में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया था। 24 फरवरी 2026 को ग्राम सीताराम की मढैया में दोपहर के समय एक बंद घर से कन्दोनी और 3,000 रुपये चोरी किए। इसके अलावा ग्राम बिझामाई में रेकी करने के बाद दो बंद मकानों के ताले तोड़कर पायल और नकदी चोरी की थी।

अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी के बाद भागने के लिए हमेशा गांवों के कच्चे रास्तों का इस्तेमाल करता था, ताकि पुलिस और सीसीटीवी कैमरों की नजर से बच सके। चोरी से प्राप्त धनराशि का बड़ा हिस्सा उसने शराब और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया।

पुलिस के मुताबिक दीनदयाल के खिलाफ थाना बमरौली कटारा और थाना डौकी में विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष हरीश शर्मा, उपनिरीक्षक विश्वजीत राणा, कुलदीप कुमार, आशुतोष सिंह और शुभम सारस्वत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *