आगरा। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय बजट पर विचार गोष्ठी का आयोजन जयपुर हाउस स्थित कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के कैंप कार्यालय पर किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। गोष्ठी में केंद्रीय बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे विकसित भारत 2047 की दिशा में एक दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट बताया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि किसान, गरीब, महिला और युवा वर्ग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इससे न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय की भावना के साथ बजट प्रस्तुत किया है। आधारभूत ढांचे के विकास, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती, डिजिटल इंडिया, इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और निवेश प्रोत्साहन जैसे कदम देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बजट की प्रमुख योजनाओं और प्रावधानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं, ताकि सरकार की नीतियों का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और बजट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। सभी ने एक स्वर में सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आलौकिक उपाध्याय ने किया।
बजट संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह बजट मजबूत आधार तैयार करता है। निवेश को बढ़ावा देने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और छोटे व्यापारियों के लिए सहूलियतें प्रदान करने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए यह बजट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, डॉ. आलौकिक उपाध्याय, सीए दीपिका मित्तल, मंडल अध्यक्ष धीरज जैन, देवेश पचौरी, राजू कुशवाहा, राजवीर सिंह धाकड़, ओम प्रताप सिंह, बद्री प्रसाद माहौर, रेनू गुप्ता, तरुण पिपल, बंटी दक्ष, सुधीर टंडन, दीप विनायक पटेल, सनी वर्मा और गौरव सारस्वत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
