ऑटो खाई में पलटा, चालक समेत तीन घायल; टोल का बूम बैरियर तोड़कर लखनऊ की ओर भागा चालक
फतेहाबाद। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी दूध की पिकअप मैक्स में टक्कर मारने के बाद उसे करीब तीन किलोमीटर तक घसीट दिया। रास्ते में ट्रेलर ने एंबुलेंस और एक ऑटो को भी टक्कर मार दी। ऑटो खाई में पलटने से चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद नगला लोहिया स्थित टोल प्लाजा 27 के पास पिकअप डिवाइडर से टकराकर फंस गई। ट्रेलर चालक टोल का बूम बैरियर तोड़कर एक्सप्रेसवे पर चढ़ गया और लखनऊ की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने कई किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सके। पुलिस ने ट्रेलर का नंबर हासिल कर लिया है।
शुक्रवार शाम करीब सात बजे हारकापुरा निवासी जितेंद्र की दूध पिकअप मैक्स फतेहाबाद के फिरोजाबाद चौराहे के पास सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने पिकअप में टक्कर मार दी। पिकअप ट्रेलर में फंस गई। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए आगे बढ़ा दिया। करीब तीन किलोमीटर बाद फिरोजाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर एचएस हॉस्पिटल के सामने ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस को टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।

इसके बाद फिरोजाबाद की ओर जा रहे ऑटो में टक्कर लगने से वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो चालक रामलक्ष्मण पुत्र गीतम सिंह निवासी चारबाग, थाना लाइनपार, फिरोजाबाद तथा सवार एहसान पुत्र सम्मू और साहिल पुत्र एजाज निवासी नूरनगर, थाना रामगढ़, फिरोजाबाद घायल हो गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों के अनुसार पिकअप को घसीटते समय सड़क पर चिंगारियां निकल रही थीं। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से कई अन्य वाहन और राहगीर भी बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ने वाहनों से ट्रेलर का पीछा किया। नगला लोहिया स्थित टोल प्लाजा 27 के पास पिकअप डिवाइडर से टकराकर फंस गई। इसके बाद चालक ने टोल का बूम बैरियर तोड़ा और ट्रेलर को एक्सप्रेसवे पर चढ़ाकर लखनऊ की ओर भगा ले गया।

सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि ट्रेलर चालक दूध की मैक्स को घसीटते हुए ले गया। इस दौरान टेंपो समेत अन्य वाहन भी चपेट में आए, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। चालक बूम बैरियर तोड़कर लखनऊ की ओर भागा है। ट्रेलर का नंबर पुलिस को मिल गया है और उसकी तलाश की जा रही है।

