फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव कछपुरा में बुधवार रात खेत पर चारपाई पर सो रहे 35 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर की धारदार हथियार से सिर पर हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह खेत पर पहुंचे ग्रामीण ने उन्हें खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस हत्या के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

गांव कछपुरा निवासी प्रेमवीर पुत्र राजवीर सिंह (35) बुधवार शाम अपने खेत पर नीम के पेड़ के नीचे चारपाई डालकर सो रहे थे। रात में अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से प्रेमवीर की मौत हो गई। रात में खेत पर हुई इस वारदात की किसी को भनक तक नहीं लगी।
गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव के ही लालाराम खेत में पालेज का काम करने के दौरान शौच के लिए पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने चारपाई पर सो रहे प्रेमवीर को आवाज लगाई। कोई जवाब नहीं मिलने पर वह पास पहुंचे तो प्रेमवीर को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर दंग रह गए। उन्होंने तत्काल गांव में इसकी जानकारी दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ ही वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
