आगरा। आगरा में बुधवार को प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। युवती अपनी सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची थी। सड़क पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने तमंचे से गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुराने मुकदमे समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बुधवार दोपहर मलपुरा थाना क्षेत्र की मां पीतांबरा की सफायर कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने युवती को गोली मार दी। इसके बाद युवक ने भी अपनी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली लगने से युवती सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। पुलिस ने उसे सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया।

बताया गया है कि अरुण कुमार (25) मलपुरा के इटौरा गांव का रहने वाला था। वह सैंया टोल प्लाजा पर काम करता था। अरुण शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। उसका हाथरस के सादाबाद की रहने वाली हनी से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
हनी आगरा में किराए का कमरा लेकर रहती थी और मुन्नीलाल कॉलेज में बीएससी की छात्रा है। उसके पिता प्रेम कुमार सेना में फौजी हैं। बुधवार दोपहर अरुण ने हनी को मिलने के लिए बुलाया था। करीब दो बजे हनी अपनी सहेली के साथ मां पीतांबरा की सफायर कॉलोनी पहुंची थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच सड़क पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बात बढ़ने पर अरुण ने कमर से तमंचा निकाल लिया और हनी को गोली मार दी। अचानक हुई फायरिंग से उसकी सहेली घबरा गई और मौके से भाग गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अरुण की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देखकर अरुण घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने तमंचा अपनी कनपटी पर लगाया और गोली चला ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, गोली लगने के बाद हनी सड़क पर तड़पती रही। सूचना मिलने पर थाना मलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को सैनिक अस्पताल पहुंचाया। शुरुआत में उसकी हालत नाजुक बताई गई थी। वहीं DCP सिटी अली अब्बास ने बाद में युवती की हालत खतरे से बाहर बताई है और उसका अस्पताल में इलाज चलने की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी और एडीसीपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अरुण के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने मौके की जांच के साथ घटना से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।
मृतक के भाई ने बताया, सुबह आया था युवती का फोन
अरुण के भाई हरिओम ने बताया कि हनी ने करीब डेढ़ से दो महीने पहले ही उसके भाई से संबंध खत्म कर लिए थे। उसने अरुण से किसी भी तरह का संपर्क नहीं रखने की बात कही थी।http://Married lover shoots soldier’s daughter.
हरिओम के मुताबिक, बुधवार सुबह हनी का फोन आया था। उसने अरुण के बारे में पूछा और जानना चाहा कि वह कहां है। हरिओम ने बताया कि उसने हनी से कहा कि उसे इससे क्या मतलब है। इसके बावजूद वह बार-बार अरुण के बारे में पूछती रही।
हरिओम ने बताया कि हनी ने मैसेज भी किए थे और पूछा था कि अरुण ठीक है या नहीं। उसका भाई सुबह नाइट ड्यूटी करके घर लौटा था। इसी दौरान घर पर फोन आया और उसे तुरंत कॉलोनी पहुंचने के लिए कहा गया। वहां पहुंचने के बाद परिवार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई।
पुलिस पुराने मुकदमे को भी जांच में शामिल करेगी
DCP सिटी अली अब्बास ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक युवक ने युवती को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। मौके पर युवक का शव मिला है। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
DCP के मुताबिक, युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। युवक ने युवती को गोली क्यों मारी और फिर खुद को गोली क्यों मार ली, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ दिन पहले युवती ने अरुण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बाद में 164 के बयान में युवती ने लगाए गए आरोपों से इनकार कर दिया था। इसके बाद युवक के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म हो गया था।
पुलिस अब इस पुराने मुकदमे और दोनों के बीच संबंधों से जुड़े घटनाक्रम को भी जांच में शामिल कर रही है। फोरेंसिक टीम के साक्ष्यों और पुलिस की जांच के आधार पर घटना की पूरी वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।

