सार
खेत से मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आए। कहासुनी के बाद घर से राइफल और पिस्टल निकालकर 10 से 12 राउंड फायरिंग का आरोप। गोली लगने से किशोरी बृजेश की मौत हुई जबकि चार लोग घायल हुए। पुलिस ने दो लोगों को मौके से पकड़ा।
फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम खेत से मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि मिट्टी उठाने से मना करने पर एक पक्ष ने लाइसेंसी हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 10 से 12 राउंड फायरिंग में एक किशोरी की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई।

पशुओं को लेने गई थी अजमेर सिंह की पुत्रवधू
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत निवासी फूल सिंह पुत्र चंदन सिंह ने बताया कि घर के पीछे पशु बंधे थे। रविवार शाम उनके छोटे भाई अजमेर सिंह की पुत्रवधू पशुओं को लेने गई थी। इसी दौरान अपने खेत में काम कर रहे गांव के ही रमेशचंद पुत्र चंद्रभान पक्ष के लोगों ने कहा कि तुमने हमारे खेत से मिट्टी उठाकर मेड़ से लगा दी है। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।मना करने पर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोग भागकर अपने घर गए और लाइसेंसी राइफल व पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से किशोरी की मौत
फायरिंग के दौरान किशोरी बृजेश के सिर में गोली लग गई। अजमेर सिंह के पीछे जितेंद्र के पेट में गोली लगी। हरेंद्र के कंधे में गोली लगी जबकि भावना के सिर को छूकर गोली निकल गई।फायरिंग में सभी लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। गोली चलने से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।अस्पताल में चिकित्सकों ने किशोरी बृजेश को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र हरेंद्र और अजमेर का इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया।

अधिकारी और टीमें मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना पर एसीपी शमशाबाद राजीव रंजन सहित डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।-पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीमों ने मौके पर घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच की।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि खेत में मिट्टी उठाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसमें एक पक्ष की ओर से लाइसेंसी राइफल और रिवाल्वर से फायरिंग की गई।-उन्होंने बताया कि फायरिंग में एक किशोरी की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दो लोगों को मौके से पकड़ा है। डीसीपी ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

