आगरा। बायपास रोड स्थित उत्सव मैरिज होम में आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति एवं आगरा नरेश पोशाक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में नंदोत्सव भक्ति, संस्कृति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्याम बाबा के समक्ष दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद ब्रज नृत्य, धार्मिक झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आगामी जनकपुरी महोत्सव के राजा जनक एवं रानी सुनैना के स्वरूपों का अभिनंदन भी किया गया।

कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में आगामी जनकपुरी महोत्सव में राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल एवं रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल का संस्था की ओर से अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और जनकपुरी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
नंदोत्सव के दौरान ब्रज संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। ब्रज नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं और अतिथियों का मन मोह लिया। कलाकारों ने राम दरबार, पंचमुखी हनुमान अवतार, श्रीकृष्ण अवतार सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियां प्रस्तुत कीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और ब्रज की लोककला की सुंदर छटा देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल देर तक तालियों और भक्तिमय उल्लास से गूंजता रहा।
नंदोत्सव की परंपरा को जीवंत करते हुए नंद बाबा के स्वरूप में गौरव अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को उपहार वितरित किए। कार्यक्रम में पारिवारिक मिलन का भी आयोजन किया गया। इसमें सभी ने आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ दाल-बाटी के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
20 सितंबर को रक्तदान शिविर
अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि संस्था के मासिक सेवा प्रकल्प के अंतर्गत 20 सितंबर को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के एसी हॉल में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। शिविर के माध्यम से रक्तदान के साथ लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी की जाएगी। कार्यक्रम में अध्यक्ष अमन गर्ग, मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, सौरभ बंसल, निखिल अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल और विष्णु अग्रवाल राधे-राधे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
