अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने स्थल का निरीक्षण कर
यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण के दिए निर्देश
आगरा। जनकपुरी महोत्सव में होने वाले श्रीरामलीला मंचन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिन्द्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त नगर समेत अन्य अधिकारियों के साथ थाना सिकंदरा क्षेत्र में तैयार किए जा रहे जनकपुरी स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

अपर पुलिस आयुक्त ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, यातायात प्रबंधन तथा पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया। संभावित भीड़ को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा इंतजाम पहले से पूरा करने और यातायात संचालन सुचारु रखने के निर्देश दिए। आयोजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं को लेकर जानकारी ली गई। पुलिस-प्रशासन और समिति के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि रामलीला के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को आवागमन में परेशानी न हो तथा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आयोजन के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात, पार्किंग, प्रवेश-निकास और भीड़ नियंत्रण से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, एसीपी हरीपर्वत लाइन्स, एसीपी कानून-व्यवस्था समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, महामंत्री मनोज जादौन, सतीश ठाकुर, रामचंद्र राणा, पार्षद वेद प्रकाश, अभिनव यादव, जीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।

