आगरा। बाबा खाटूश्याम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच एक शाम सांवरे के नाम समिति एवं एक शाम सांवरे के नाम गौ सेवा समिति की ओर से आयोजित द्वितीय अर्जी डाक निशान यात्रा बुधवार को ट्रांस यमुना कॉलोनी से श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुई। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि नितिन कोहली, पार्षद प्रकाश केशवानी, पार्षद गौरव शर्मा, पार्षद मुरारीलाल गोयल और अविनाश राणा ने बाबा श्याम की आरती उतारकर किया। इसके बाद अतिथियों ने झंडी दिखाकर श्रद्धालुओं की डाक निशान यात्रा को श्री खाटूश्याम जी के लिए रवाना किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘हारे के सहारे की जय, बाबा श्याम की जय’ के जयघोष से गूंज उठा।
डाक निशान यात्रा बी ब्लॉक, ट्रांस यमुना कॉलोनी से शुरू होकर श्री खाटूश्याम मंदिर, जीवनी मंडी, सुल्तानगंज की पुलिया, गुरुद्वारा, करकुंज चौराहा, कारगिल पेट्रोल पंप, बोंदला, बिचपुरी, अछनेरा, भरतपुर, दौसा और रिंगस होते हुए श्री खाटूश्याम जी मंदिर, सीकर, राजस्थान पहुंचेगी। समिति के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल ने कहा कि बाबा श्याम के प्रति श्रद्धा रखने वाले भक्तों के लिए निशान यात्रा आस्था, समर्पण और सेवा का माध्यम है। यह यात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने की पदयात्रा नहीं, बल्कि मन की अर्जी लेकर बाबा के दरबार तक पहुंचने का अवसर है। यात्रा के रास्ते में आने वाली कठिनाइयों को श्याम भक्त बाबा की कृपा और परीक्षा मानकर प्रसन्नता से स्वीकार करते हैं।
संदीप अग्रवाल ने कहा कि ‘एक निशान खाटू वाले के नाम, चलो श्याम धाम’ के भाव के साथ आयोजित यह द्वितीय अर्जी डाक निशान यात्रा श्याम प्रेमियों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करेगी। समिति की ओर से पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि अधिक से अधिक श्याम प्रेमी इस यात्रा में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।
संरक्षक अंगद कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रा के समापन अवसर पर 13 सितंबर को दोपहर दो बजे से बाबा की इच्छा तक खाटूश्याम जी, जिला सीकर स्थित हरियाणा हिसार वाली धर्मशाला में भव्य 10वां मनुहार श्याम महोत्सव और विशाल श्याम संकीर्तन आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में अखंड ज्योति, अलौकिक श्रृंगार, भव्य श्याम दरबार, छप्पन भोग और मधुर भजन संकीर्तन मुख्य आकर्षण होंगे। भजन संध्या में माही पोरवाल, देशराज शर्मा, क्षमा पांडे, अनुराग बंसल, अंकुश शर्मा और भजन गायक अनुज गुप्ता बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। सौरभ अग्रवाल की ओर से विशेष श्रृंगार किया जाएगा।
यात्रा की व्यवस्थाएं कोषाध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय, महामंत्री शिवम गुप्ता, संयोजक सौरभ अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, विजय प्रताप सिंह, मंत्री सुशील श्रीवास्तव, संगठन मंत्री विक्रान्त बंसल, प्रचार मंत्री शुभम शिवहरे, नितिन गर्ग, अतुल कुमार, जीतू गर्ग, मुरारी शाक्य और केशव शाक्य आदि संभाल रहे हैं।

