स्वागत में जुटे रोडवेज कर्मचारी बोले- टीम भावना से बढ़ेगा डिपो का राजस्व
एआरएम ने भी समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
आगरा। बाह डिपो में नवनियुक्त सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) सारिका शर्मा के कार्यभार संभालने के बाद कर्मचारियों ने स्वागत के साथ डिपो की बेहतरी की उम्मीदें भी सामने रखीं। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, बाह डिपो की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। एआरएम ने भी कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि निगम हित के साथ कर्मचारी समस्याओं के समाधान पर भी प्राथमिकता से काम किया जाएगा।

बाह डिपो परिसर में आयोजित स्वागत समारोह की अध्यक्षता रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राम निवास शर्मा ने की। शाखा मंत्री दिनेश यादव ने कार्यक्रम का संचालन किया। डिपो के विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सारिका शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी डिपो की प्रगति अधिकारियों के साथ कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ निगम राजस्व बढ़ाने के लिए भी सभी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।

उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कार्य के दौरान सामने आने वाली समस्याओं को प्रबंधन के संज्ञान में लाएं, ताकि उनका समय से समाधान कराया जा सके। कर्मचारी हित से जुड़े मामलों पर भी सकारात्मक तरीके से काम करने का भरोसा दिया।
स्वागत समारोह में कर्मचारियों ने नई एआरएम के साथ बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई। उनका कहना था कि प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद मजबूत रहने से डिपो की कार्यप्रणाली में सुधार के साथ यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी।
_________________________________________________________________________
ये खबर भी पढ़ें
चार दिन में 1466 महिलाओं का मुफ्त बस सफर जेब में बचे 1.94 लाख रुपये
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिल रहा लाभ
दो सितंबर को सबसे ज्यादा 477 महिलाओं ने किया सफर
आगरा। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का लाभ लगातार बढ़ रहा है। 30 अगस्त से दो सितंबर तक चार दिनों में 1466 महिलाओं ने रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की। इन यात्राओं के लिए टिकट किराये के रूप में 1,94,429 रुपये खर्च होने थे, लेकिन योजना के तहत महिलाओं को किराया नहीं देना पड़ा। यानी चार दिन में महिलाओं की जेब से करीब 1.94 लाख रुपये बच गए।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 30 अगस्त को 92 महिलाओं ने योजना का लाभ लिया। इन यात्राओं का टिकट किराया 17,514 रुपये रहा। अगले दिन 31 अगस्त को लाभार्थी महिलाओं की संख्या बढ़कर 445 हो गई। इनके टिकट किराये की कुल राशि 54,306 रुपये रही।एक सितंबर को 452 महिलाओं ने मुफ्त बस यात्रा की। इन यात्राओं का किराया 61,813 रुपये रहा। वहीं दो सितंबर को योजना के तहत सबसे ज्यादा 477 महिलाओं ने सफर किया। इन यात्राओं के टिकट किराये की राशि 60,796 रुपये रही।
आंकड़ों पर नजर डालें तो चार दिनों में 30 अगस्त को सबसे कम 92 महिलाओं ने योजना का लाभ लिया, जबकि दो सितंबर को सबसे ज्यादा 477 महिलाएं मुफ्त सफर करने वाली रहीं। महज चार दिनों में लाभार्थियों की संख्या 1466 पहुंचना योजना के प्रति महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। योजना के तहत महिलाओं को यात्रा के लिए टिकट किराये का भुगतान नहीं करना पड़ रहा है। इससे खासतौर पर नियमित रूप से रोडवेज बसों से सफर करने वाली बुजुर्ग महिलाओं को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।

