सिकंदरपुर के पास महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम, एक किलोमीटर तक थमे वाहन
आगरा के सैंया क्षेत्र में रविवार शाम ग्वालियर हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। नगला चोबनिया निवासी किशन सिंह अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ इटोरा स्थित निजी अस्पताल से रिश्तेदार को देखकर गांव लौट रहे थे। सिकंदरपुर के पास पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक से सड़क पर गिरी गुड्डी देवी के सिर के ऊपर से ट्रक का पहिया निकल गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

थाना सैंया क्षेत्र के गांव नगला चोबनिया निवासी किशन सिंह रविवार शाम करीब पौने पांच बजे पत्नी गुड्डी देवी (40) के साथ बाइक से इटोरा स्थित निजी अस्पताल गए थे। दोनों वहां अपने रिश्तेदार को देखकर वापस गांव लौट रहे थे। सिकंदरपुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठी गुड्डी देवी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीण और राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए।
महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। शव सड़क पर होने के कारण यातायात रुक गया। हाईवे पर करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे बाद हाईवे पर यातायात शुरू हो सका।
गुड्डी देवी की मौत से परिवार में मातम है। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्र की शादी हो चुकी है। परिवार के अनुसार एक पुत्री की शादी देवोत्थान के अवसर पर होनी थी। हादसे ने शादी की तैयारियों के बीच परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

